#जोधपुर
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशभक्ति के रंग में रंगा सूचना केन्द्र
विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने जगाया राष्ट्रप्रेम का जज्बा
-संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कार्यक्रम में की शिरकत
जोधपुर, स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को सूचना केन्द्र परिसर स्थित जन कवि गणेश लाल व्यास ‘उस्ताद’ मिनी ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने 80वें स्वाधीनता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस कार्यक्रम में शिरकत की।
कार्यक्रम में राजकीय एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति, राजस्थानी, हरियाणवी, तेरहताली एवं शास्त्रीय नृत्य सहित विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं लोक संस्कृति का संदेश दिया।
इस अवसर पर शहर विधायक अतुल भंसाली, जिला कलक्टर आलोक रंजन, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री आशीष कुमार मिश्रा, संभागीय संयुक्त निदेशक, स्कूल शिक्षा, जोधपुर हिम्मत सिंह तंवर, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मंजू शर्मा, उप जिला शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र सिंह सोढ़ा सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती गायन के साथ हुआ। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, गुलाब सागर की छात्राओं ने सरस्वती गायन प्रस्तुत किया, वहीं राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, किसान कन्या की छात्राओं द्वारा सामूहिक ‘वन्दे मातरम्’ की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में प्रेरणा एण्ड पार्टी द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम में एस.एम.एस. स्कूल द्वारा तेरहताली सामूहिक नृत्य, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आंगणवा द्वारा ‘मेरा प्यारा भारत’ सामूहिक गायन तथा मनस्वी द्वारा ‘देश रहना चाहिए’ एकल प्रस्तुति दी गई।
इसी क्रम में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, किसान कन्या द्वारा ‘जय जयति जयति भारत’ सामूहिक नृत्य, नेत्रहीन विकास संस्थान द्वारा राजस्थानी युगल नृत्य, ऋत्विक एण्ड पार्टी द्वारा शूरवीर योगा नृत्य तथा एचजीजीएस चैनपुरा द्वारा सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी गई।
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, किसान कन्या की छात्राओं ने ‘बूंद-बूंद बन के लहर…’ सामूहिक नृत्य, संजय एण्ड पार्टी ने ‘शमशीरे तान लो’ सामूहिक नृत्य तथा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजमहल गुलाब सागर द्वारा ‘पैदल चलता जय बालो’ सामूहिक गायन प्रस्तुत किया।
इसी प्रकार काबरा स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति सामूहिक नृत्य तथा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, जालोरी गेट की छात्राओं ने ‘बावन गज का घाघरा’ हरियाणवी सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को राजस्थान एवं देश की विविध सांस्कृतिक छटाओं से रूबरू कराया।
विद्यार्थियों की विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राजस्थान की समृद्ध लोक-सांस्कृतिक परंपराओं का जीवंत प्रदर्शन हुआ। देशप्रेम से ओतप्रोत गीतों एवं नृत्य प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित समारोह को विशेष स्वरूप प्रदान किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रभारी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, किसान कन्या की प्रधानाचार्य श्रीमती कंचन चरण तथा सह प्रभारी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, जालोरी गेट की व्याख्याता डॉ. विजयलक्ष्मी गोयल रहीं। कार्यक्रम का मंच संचालन श्री भरत वैष्णव द्वारा किया गया।
⸻