खेल महाकुंभ में पौड़ी विधानसभा का दबदबा, सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी पर किया कब्जा
पौड़ी। खेल महाकुंभ-2026 के तहत रांसी स्टेडियम पौड़ी में आयोजित सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी में पौड़ी विधानसभा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक अंक हासिल किए और ट्रॉफी अपने नाम की। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने विजेता टीम को सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी के साथ दो लाख रुपये की धनराशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया।
समापन समारोह में विजेता प्रतिभागियों को मेडल, प्रमाण-पत्र एवं शील्ड भी प्रदान की गई। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना है। नियमित अभ्यास और अनुशासन के साथ खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के लिए शुभकामनाएं दीं।
क्षेत्र पंचायत प्रमुख अस्मिता नेगी ने कहा कि खेल महाकुंभ युवाओं को अपनी प्रतिभा और खेल कौशल प्रदर्शित करने का बेहतर मंच उपलब्ध करा रहा है। खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है।
जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार, चौबट्टाखाल, लैंसडौन और यमकेश्वर सहित पौड़ी जिले की छह विधानसभाओं के अलावा रुद्रप्रयाग, केदारनाथ, देवप्रयाग, नरेंद्रनगर और रामनगर विधानसभा की टीमों ने प्रतिभाग किया। कुल 11 विधानसभाओं के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में दमखम दिखाया।
प्रतियोगिता में फुटबॉल, बैडमिंटन, मलखंब, एथलेटिक्स, खो-खो, पिट्टू, कबड्डी, वालीबॉल, मुर्गा झपट, रस्सा-कस्सी और गोली (कंचा) सहित विभिन्न खेलों के मुकाबले आयोजित किए गए। पारंपरिक खेल मुर्गा झपट और गोली (कंचा) प्रतियोगिता के विशेष आकर्षण रहे।
विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-19 वालीबॉल में लैंसडौन प्रथम, चौबट्टाखाल द्वितीय और कोटद्वार तृतीय रहे। अंडर-19 रस्सा-कस्सी में पौड़ी ने पहला, रुद्रप्रयाग ने दूसरा और देवप्रयाग ने तीसरा स्थान हासिल किया। अंडर-19 कबड्डी में चौबट्टाखाल प्रथम, लैंसडौन द्वितीय और देवप्रयाग तृतीय रहे। अंडर-14 वालीबॉल में कोटद्वार प्रथम, चौबट्टाखाल द्वितीय और रामनगर तृतीय रहे। अंडर-14 कबड्डी में चौबट्टाखाल प्रथम, रुद्रप्रयाग द्वितीय और रामनगर तृतीय रहे।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 800 रुपये, द्वितीय को 600 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 500 रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जाएगी। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी और टीमें राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ एवं मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी में प्रतिभाग करेंगे।
समापन समारोह में मुख्य कोषाधिकारी नमिता सिंह, सहायक कोषाधिकारी अवधेश चंद, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, विभागीय अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, टीम प्रभारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।