*पंचायतीराज चुनाव-2026 : जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने बृजनगर-सीकरी में परखे चुनावी इंतजाम*
*संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथों की सुरक्षा, डबल बैरिकेडिंग और मतदाताओं की सुगम आवाजाही पर जोर; चिरावलमाली में बाउंड्री वॉल की कमी पर दिए बैरिकेडिंग के निर्देश*
नगर/डीग, 14 अक्टूबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मयंक मनीष ने बुधवार को बृजनगर और सीकरी क्षेत्र का दौरा कर चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपखंड अधिकारी कार्यालय बृजनगर में अधिकारियों की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की सुरक्षा तथा मतदाता जागरूकता गतिविधियों की समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पालका, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बेर्रु और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चिरावलमाली में बनाए गए मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं देखीं। प्रत्येक विद्यालय में तीन-तीन बूथों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उपखंड अधिकारी बृजनगर दुर्गाप्रसाद मीना और उपखंड अधिकारी सीकरी हेमराज गुर्जर मौजूद रहे।
बैठक में बृजनगर क्षेत्र के पांचों थानाधिकारियों से कानून-व्यवस्था की स्थिति, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान तथा पूर्व में हुई अवांछित घटनाओं के संबंध में जानकारी ली गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव के दौरान शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और बाल विकास परियोजना अधिकारी से स्वीप गतिविधियों की जानकारी लेते हुए मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों को और बढ़ाने के निर्देश दिए।
मतदान केंद्रों के निरीक्षण के दौरान प्रकाश व्यवस्था, मतदान केंद्र के अंदर, बाहर एवं परिसर में आवश्यक इंतजाम, नामांकन कक्ष और मतगणना कक्ष की पहचान, मतदान दलों के लिए आवास, पेयजल तथा अन्य सुविधाओं का जायजा लिया गया। शौचालयों की उपलब्धता, साफ-सफाई और मतदान केंद्रों तक पहुंच की व्यवस्थाएं भी देखी गईं। जहां आवश्यक हो, वहां डबल बैरिकेडिंग लगाने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। प्रवेश एवं निकास मार्गों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया, ताकि मतदाताओं को मतदान केंद्र में आने-जाने में सुविधा रहे और मतदान प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चिरावलमाली में निरीक्षण के दौरान बाउंड्री वॉल की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं से जुड़े आवश्यक प्रबंध समय रहते सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।
इस दौरान विकास अधिकारी बृजनगर मुरारी लाल गौतम, पुलिस उप अधीक्षक बृजनगर रामनाथ गुर्जर, तहसीलदार बृजनगर कमल चन्द शर्मा, तहसीलदार सीकरी भरतलाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।