नॉलेज पब्लिक स्कूल टिमरनी में गूंजे देशभक्ति के तराने
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर
अनोखा तीर, टिमरनी। नॉलेज पब्लिक स्कूल टिमरनी में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती पूजा गद्रे एवं श्रीमती कलश जोशी रहीं। मुख्य अतिथियों के साथ विद्यालय संचालक, प्राचार्या एवं उपप्राचार्य ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद पूरा विद्यालय परिसर ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा।
समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त की। विद्यालय के लोटस, लैवेंडर, रोज एवं ट्यूलिप हाउस के बीच नृत्य एवं गीत प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने महापुरुषों एवं देशभक्ति की थीम पर प्रस्तुतियां देकर ‘विविधता में एकता’ का संदेश दिया।
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में प्राची ढोके प्रथम, गार्गी गोयल द्वितीय एवं गौरंगी पाटिल तृतीय रहीं। सामूहिक गीत प्रतियोगिता में ट्यूलिप हाउस प्रथम, लोटस हाउस द्वितीय एवं रोज हाउस तृतीय रहा। वहीं सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में लैवेंडर हाउस प्रथम, रोज हाउस द्वितीय एवं ट्यूलिप हाउस तृतीय स्थान पर रहा।
मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ स्वच्छता और अनुशासन को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्या ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के उपकप्तान अनंत मौर्य ने आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्या एवं शिक्षकों ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
Harda, Harda | Aug 16, 2026