चित्तौड़गढ़ में नशा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, करीब 4 करोड़ की संपत्ति फ्रीज
गंगरार पुलिस की कार्रवाई: एनडीपीएस एक्ट की धारा 68(एफ)(1) के तहत बाजार कीमत करीब 4 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई।
चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जांच के बाद अशोक बंजारा, राहुल बंजारा और शांति देवी बंजारा के नाम से अर्जित संपत्तियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत फ्रीज कराया है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई में मोटरसाइकिल, कार, बैंक खाते और कृषि भूमि शामिल हैं। इन संपत्तियों को अवैध मादक पदार्थों की गतिविधियों से अर्जित किया गया माना गया है। संबंधित संपत्तियों को फ्रीज करने के लिए सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, SAFEM (FOP) एवं NDPS Act, नई दिल्ली को प्रस्ताव भेजा गया था।
सुनवाई के बाद संपत्तियों को फ्रीज करने की अनुमति प्रदान की गई। पुलिस के मुताबिक फ्रीज की गई संपत्ति की कुल बाजार कीमत करीब 4 करोड़ रुपये है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ के निर्देश पर गंगरार थाना पुलिस टीम ने की। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर नजदीकी पुलिस थाने, कंट्रोल रूम या नारकोटिक्स हेल्पलाइन 9460425643 पर सूचना दें।
#Chittorgarh #Gangrar #RajasthanPolice #DrugFreeRajasthan #NDPSAct #CrimeNews #BreakingNews