Public App Logo
प्रेस विज्ञप्ति स्थान : नालंदा दिनांक : 17 अगस्त 2026 जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालंदा बीएलओ निर्वाचन प्रक्रिया की नींव, इनके समर्पण से तैयार होती है शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची : मुख्य निर्वाचन आयुक्त • बीएलओ को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने निर्वाचन प्रक्रिया की नींव बताया। • ⁠वर्ष 2025 के विशेष गहन पुनरीक्षण में बीएलओ के समर्पित योगदान की सराहना की गई। • ⁠त्रुटिरहित एवं शुद्ध मतदाता सूची के निर्माण में बीएलओ की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया। • ⁠विधानसभा आम निर्वाचन 2025 में बिहार के सर्वाधिक मतदान प्रतिशत में बीएलओ के योगदान की प्रशंसा की गई। • ⁠मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने सभी बीएलओ को धन्यवाद देते हुए भविष्य में भी पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने का आह्वान किया। बिहारशरीफ (नालंदा):* भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के माननीय मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार द्वारा नालंदा विश्वविद्यालय के राजगीर स्थित सुषमा स्वराज ऑडिटोरियम में नालंदा, गया, नवादा, जहानाबाद एवं शेखपुरा जिलों के बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLOs) के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बीएलओ के साथ सीधे संवाद करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका, कार्यानुभव एवं चुनौतियों पर चर्चा की। कार्यक्रम में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के साथ बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री विनोद कुमार गुंजियाल, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री माधव कुमार सिंह, जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी नालंदा श्रीमती उदिता सिंह, उप विकास आयुक्त नालंदा सुश्री सारा अशरफ, अपर समाहर्ता नालंदा, उप निर्वाचन पदाधिकारी नालंदा सहित संबंधित पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में बीएलओ उपस्थित रहे। संवाद के दौरान माननीय मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि बीएलओ निर्वाचन प्रक्रिया की नींव हैं। शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची के निर्माण में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) के दौरान सभी बीएलओ ने पूर्ण समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, जिसके परिणामस्वरूप मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने में महत्वपूर्ण सफलता मिली। उन्होंने कहा कि विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के दौरान बिहार में मतदाता मतदान प्रतिशत विगत निर्वाचनों की तुलना में सर्वाधिक रहा, जिसमें बीएलओ की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। उन्होंने सभी बीएलओ को उनके समर्पण एवं महत्वपूर्ण योगदान के लिए धन्यवाद दिया तथा भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बीएलओ से संवाद के दौरान उनके कार्यक्षेत्र से जुड़े अनुभवों, समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना और निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं सहभागी बनाने के लिए उनके विचारों को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के दौरान बीएलओ को निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी जिम्मेदारियों के साथ-साथ मतदाताओं से बेहतर संवाद, मतदाता सूची की शुद्धता तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के उपरांत मीडिया से बातचीत के दौरान माननीय मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने नालंदा विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक एवं गौरवशाली विरासत की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय को देखने के बाद उन्हें यह अनुभूति हुई कि आज से हजारों वर्ष पूर्व बिहार का इतिहास और ज्ञान की परंपरा कितनी समृद्ध रही होगी। उन्होंने नालंदा की धरती पर आने को अपने लिए गर्व की बात बताते हुए यहां की ऐतिहासिक एवं ज्ञान परंपरा की सराहना की। इससे पूर्व जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, नालंदा द्वारा माननीय मुख्य निर्वाचन आयुक्त को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर माननीय मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने उपस्थित अधिकारियों एवं बीएलओ का अभिवादन स्वीकार किया। Election Commission of India Chief Electoral Officer, Bihar Information & Public Relations Department, Government of Bihar - Nalanda News