मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में अपर कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों ने किया भ्रमण
..
जन विश्वास अभियान अंतर्गत चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
..
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आज सिरोंज तहसील के विभिन्न ग्रामों में अधिकारियों द्वारा भ्रमण कर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर चौपाल एवं जन संवाद के माध्यम से उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देकर समस्याओं के त्वरित निराकरण की पहल की।
अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार डामोर ने सिरोंज तहसील के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर शासकीय संस्थाओं एवं योजनाओं की जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने सर्वप्रथम ग्राम धानोदा पहुंचकर एकीकृत माध्यमिक शाला, पंचायत भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं तथा शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इसके पश्चात अपर कलेक्टर श्री डामोर ने भौंरिया ग्राम का भ्रमण किया। यहां उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्र, शासकीय उचित मूल्य राशन दुकान, हाई स्कूल एवं पंचायत भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद ग्राम भौंरिया में जन संवाद आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। जन संवाद के दौरान ग्रामीणों ने अपर कलेक्टर के समक्ष अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याएं रखीं। ग्रामीणों द्वारा पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न विषयों से संबंधित समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित कराया गया। अपर कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा पात्र मामलों में मौके पर ही त्वरित निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद अपर कलेक्टर श्री डामोर गरेंठा ग्राम पहुंचे, जहां उन्होंने बहुउद्देशीय कृषि साख समिति एवं पंचायत भवन का निरीक्षण किया। इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं, व्यवस्थाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।
अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार ने मुगलसराय ग्राम पंचायत भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बालक छात्रावास, बालिका छात्रावास, उप स्वास्थ्य केंद्र, आयुष केंद्र, पुलिस थाना, आंगनबाड़ी भवन तथा एकीकृत माध्यमिक शाला का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं और सुविधाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर कलेक्टर ने आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने तथा स्थानीय उद्यमियों से चर्चा कर क्षेत्र में रोजगार और विकास की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका तिवारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने क्षेत्र में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही। #vidisha #JanVishwasAbhiyan2026 #हर_शुक्रवार_जनता_के_नाम