राणा बेनी माधव जयंती को लेकर तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ
रायबरेली। आगामी 24 अगस्त को स्वतंत्रता संग्राम के वीर योद्धा राणा बेनी माधव की जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रस्तावित एक दिवसीय दौरे को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
प्रदर्शनी का शुभारंभ रायबरेली की जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं संबंधित लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और राणा बेनी माधव के जीवन, संघर्ष तथा देश के प्रति उनके योगदान से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण केंद्र राणा बेनी माधव द्वारा किए गए कार्यों, उनके संघर्ष और वीरता की गाथाओं को विभिन्न माध्यमों से प्रदर्शित किया जाना रहा। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को उनके गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान से परिचित कराने का प्रयास किया गया है।
आयोजकों के अनुसार, तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में राणा बेनी माधव के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों एवं ऐतिहासिक तथ्यों को प्रदर्शित किया जा रहा है। प्रदर्शनी में पहुंचने वाले लोगों में भी उनके इतिहास और योगदान को जानने को लेकर उत्साह दिखाई दिया।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। राणा बेनी माधव की जयंती के अवसर पर होने वाले कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।