सीधी शहर के वार्ड क्रमांक 13 में जलभराव, पार्षद की भूमिका पर उठे सवाल
सीधी। शहर के वार्ड क्रमांक 13 में बारिश के बाद मोहल्ले में पानी भरने की तस्वीर सामने आई है। जलभराव के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और मोहल्ले की व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
गौरतलब है कि वार्ड क्रमांक 13 की पार्षद श्रीमती कुमुदिनी सिंह हैं, जिन्हें कांग्रेस द्वारा महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी दी गई है। ऐसे में वार्ड में जलभराव की स्थिति को लेकर स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहा है कि समस्या के बीच पार्षद की सक्रियता कितनी दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब नगर पालिका में कांग्रेस समर्थित सत्ता है, तब वार्ड में जल निकासी जैसी मूलभूत समस्या का समाधान समय रहते क्यों नहीं हो पा रहा है। क्या जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका प्रशासन को जलभराव जैसी समस्याओं के समाधान के लिए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा नहीं लेना चाहिए?
फिलहाल वार्ड की तस्वीरें नगर पालिका की व्यवस्थाओं और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता पर सवाल खड़े कर रही हैं। अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन जलभराव की समस्या को लेकर क्या ठोस कदम उठाता है।