बकरी पालन योजना से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े श्री जागेश्वर यादव
--
ग्रामीण भारत के विकास और किसान-पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मध्य प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाएं अत्यंत कारगर सिद्ध हो रही हैं। पशुपालन को एक प्रमुख और लाभदायक पूरक व्यवसाय के रूप में स्थापित करने के इसी प्रयास का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है टीकमगढ़ जिले के ग्राम पंचायत अन्तौरा (विकासखंड टीकमगढ़) के निवासी श्री जागेश्वर यादव ने।
पारंपरिक खेती और सीमित संसाधनों के बीच परिवार के भरण-पोषण की चुनौतियों का सामना कर रहे जागेश्वर यादव हमेशा से अपनी आय का एक स्थाई और सुरक्षित ज़रिया तलाश रहे थे। इसी दौरान उन्हें पशुपालन विभाग द्वारा संचालित बकरी पालन प्रोत्साहन योजना की जानकारी प्राप्त हुई। इस योजना में लघु एवं सीमांत किसानों तथा पशुपालकों के लिए 40 प्रतिशत तक का अनुदान (सब्सिडी) प्रावधानित था।
जागेश्वर यादव ने बिना समय गंवाए पशुपालन विभाग से संपर्क किया और 10 बकरी एवं एक बकरा इकाई के लिए आवेदन जमा कर दिया। 78,000 रूपये की कुल लागत वाली इस परियोजना के स्वीकृत होते ही उन्हें शासन की ओर से 40 प्रतिशत अनुदान का प्रत्यक्ष लाभ मिला, जिससे उनका अपना व्यवसाय शुरू करने का सपना साकार हो सका।
मेहनत रंग लाई 15 बकरियों का बढ़ा कुनबा
योजना का लाभ मिलने के बाद जागेश्वर यादव ने पूरी लगन और देख-रेख के साथ बकरी पालन का कार्य शुरू किया। उचित खान-पान और सही प्रबंधन के चलते उनका यह व्यवसाय दिन-प्रतिदिन बढ़ता चला गया। वर्तमान समय में उनके पास बकरियों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है।
सालाना 50,000 की अतिरिक्त आय और आर्थिक मजबूती
बकरी पालन के इस व्यवसाय से अब जागेश्वर यादव को प्रतिवर्ष लगभग 50,000 रूपये की शुद्ध आमदनी प्राप्त हो रही है। इस अतिरिक्त आय ने न केवल उनके परिवार के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार किया है, बल्कि उनके बच्चों की शिक्षा, दैनिक आवश्यकताओं और पारिवारिक भरण-पोषण को आसान बना दिया है। जागेश्वर यादव का कहना है कि इस योजना ने उन्हें आर्थिक अनिश्चितता से निकालकर एक सुरक्षित भविष्य की दिशा दी है।
प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
अपनी इस सफलता और आत्मनिर्भरता से अभिभूत होकर जागेश्वर यादव ने प्रदेश सरकार के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की है। उन्होंने कहा हमारे जैसे ग्रामीण परिवारों के लिए यह योजना किसी वरदान से कम नहीं है। कम लागत और सरकारी मदद से आज मैं अपने पैरों पर खड़ा हो सका हूँ। इसके लिए मैं माननीय मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव जी तथा मध्य प्रदेश सरकार का हृदय से धन्यवाद और आभार व्यक्त करता हूँ।
#SevaSankalpAbhiyan
#सेवा_संकल्प_अभियान
#खशियों_की_दास्तां
#JansamparkMP
#jansampartikatikamgarh
#tikamgarh