गढ़वाल विवि श्रीनगर में हाईवोल्टेज हंगामा, कुलपति से मिलने पहुंचे छात्रसंघ अध्यक्ष को रोका तो भड़के छात्र!!
मिठाई लेकर छात्रों की मांगों पर वार्ता करने पहुंचे थे छात्रसंघ अध्यक्ष, भीड़ के साथ न आने की बात पर बढ़ा विवाद!!
श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय श्रीनगर में मंगलवार को छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच उस समय हंगामे की स्थिति पैदा हो गई, जब छात्रसंघ अध्यक्ष छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर कुलपति से मिलने पहुंचे।
बताया जा रहा है कि छात्रसंघ अध्यक्ष छात्रों की मांगों को लेकर कुलपति से वार्ता करने के लिए मिठाई लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान कुलपति की ओर से छात्रसंघ अध्यक्ष से छात्रों की भीड़ साथ लेकर नहीं आने की बात कही गई। इस पर मौके पर मौजूद छात्र भड़क गए और देखते ही देखते विश्वविद्यालय परिसर में माहौल गरमा गया।
छात्रों का आरोप है कि वे अपनी मांगों और समस्याओं को शांतिपूर्ण ढंग से विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष रखने पहुंचे थे। उनका कहना है कि छात्रसंघ अध्यक्ष के साथ छात्रों का प्रतिनिधिमंडल होना स्वाभाविक है, ऐसे में भीड़ के साथ नहीं आने की बात कहे जाने से छात्र नाराज हो गए।
मौके पर छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक की स्थिति बनी रही। हंगामे के चलते विश्वविद्यालय परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। छात्र अपनी मांगों को लेकर कुलपति से वार्ता की मांग पर अड़े रहे।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद विश्वविद्यालय में हुए इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिलहाल पूरे मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्रसंघ की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।