शिवहर में जल-जीवन-हरियाली अभियान की योजनाओं का निरीक्षण, डीएम ने दिए नियमित निगरानी के निर्देश
शिवहर। जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी ने गुरुवार को तरियानी प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत निर्मित तालाबों एवं पोखरों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल संरक्षण संरचनाओं की स्थिति, गुणवत्ता, जल संचयन क्षमता और स्थानीय उपयोगिता का जायजा लिया।
डीएम ने कहा कि जल संरक्षण की योजनाएं केवल निर्माण तक सीमित नहीं रहें, बल्कि इनका वास्तविक लाभ किसानों और ग्रामीणों को मिलना चाहिए। तालाबों के माध्यम से वर्षा जल का अधिकतम संचयन, भू-जल पुनर्भरण और स्थानीय जल जरूरतों की पूर्ति सुनिश्चित करने पर उन्होंने जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अठकोनी पंचायत के गरम बराही में योगेंद्र राय की जमीन, छतौनी पंचायत के वार्ड-05 में अरधन्ना देवी की जमीन एवं वार्ड-14 में ईश्वर दयाल राय की जमीन में निर्मित पोखरों का जायजा लिया गया। वहीं नरवारा पंचायत के वार्ड-01 में इंदु देवी/अवधेश सिंह एवं नरवारा में लोकेश कुमार की जमीन पर कराए गए पोखर खुदाई कार्य का भी निरीक्षण किया गया। पोजहिया पंचायत के पचरा गांव, वार्ड-11 में प्रकाश कुमार की जमीन पर निर्मित पोखर का भी निरीक्षण किया गया।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी जल संरचनाओं का नियमित भौतिक सत्यापन और अनुश्रवण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि तालाबों की जलधारण क्षमता बनाए रखने के लिए समय-समय पर आवश्यक रखरखाव और सुधार कार्य कराया जाए।
उन्होंने योजनाओं से संबंधित अभिलेखों और स्थल की वास्तविक स्थिति में एकरूपता सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने और जल संरचनाओं के संरक्षण में स्थानीय सहभागिता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
डीएम ने कहा कि जल संरक्षण आज की जरूरत के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी हमारी जिम्मेदारी है। जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत निर्मित तालाबों को स्थायी, गुणवत्तापूर्ण और जनोपयोगी परिसंपत्ति के रूप में विकसित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।