सादुलशहर में माकपा की चुनावी बैठक, पंचायत राज चुनावों को लेकर बनाई रणनीति
संवाददाता- राजेश भाटी
सादुलशहर। आगामी पंचायत राज चुनावों को लेकर आज सादुलशहर में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में पंचायत समिति एवं जिला परिषद चुनावों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और संभावित उम्मीदवारों के साथ चर्चा की गई तथा चुनावी तैयारियों को लेकर रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कॉमरेड पालाराम ने बताया कि पार्टी आगामी पंचायत राज चुनावों में पंचायत समिति के सभी जोनों से उम्मीदवार मैदान में उतारने की तैयारी कर रही है। इसी के साथ जिला परिषद के सभी जोनों में भी पार्टी की ओर से उम्मीदवार उतारने को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में मनरेगा, महंगाई, रोजगार, ग्रामीण विकास और आम जनता से जुड़े अन्य मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी है। पार्टी का कहना है कि ग्रामीण जनता के स्थानीय मुद्दों को मजबूती से उठाकर चुनावी अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, संभावित उम्मीदवारों से चर्चा करने और ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क बढ़ाने पर भी जोर दिया।
माकपा की इस सक्रियता से आगामी पंचायत राज चुनावों में सादुलशहर क्षेत्र का चुनावी मुकाबला और अधिक दिलचस्प होने के संकेत मिल रहे हैं।
Shree Ganganagar, Ganganagar | Oct 1, 2026