छठ से पहले संगम घाट को चमकाने की पहल, डीएम ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश
जहानाबाद : छठ पूजा को लेकर संगम घाट को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाने की कवायद शुरू कर दी गई है। सोमवार को नगर परिषद जहानाबाद एवं जिला गंगा समिति, नमामि गंगे के संयुक्त तत्वावधान में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ थीम पर स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्वच्छता कर्मियों ने घाट एवं आसपास के क्षेत्र की सफाई की।
छठ पूजा के मद्देनजर घाट के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संगम घाट की दीवारों और सीढ़ियों पर छठ पूजा की थीम पर आकर्षक पेंटिंग और जनजागरूकता संदेश उकेरे जा रहे हैं। जिला पदाधिकारी ने स्वयं पेंटिंग में रंग भरकर जनभागीदारी का संदेश दिया और कार्य में जुटे कर्मियों का उत्साह बढ़ाया।
डीएम ने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई कर्मियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की। छठ के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाट पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
श्रमदान के बाद डीएम समेत जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों ने हस्ताक्षर कर जनभागीदारी का संदेश दिया। जिला गंगा समिति और नगर परिषद ने लोगों से नदी एवं घाट को प्रदूषित नहीं करने और स्वच्छता अभियान में सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम में डीडीसी आदित्य कुमार पीयूष, अपर समाहर्ता तेज नारायण राय, एसडीओ राजीव रंजन सिन्हा, सभापति रूपा देवी, जिला गंगा समिति के परियोजना पदाधिकारी अमित कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपाल कुमार सहित अन्य पदाधिकारी, वार्ड पार्षद और स्वच्छता कर्मी मौजूद रहे।
Jehanabad, Jehanabad | Oct 5, 2026