स्वच्छता में बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों का सम्मान, प्रभारी मुखिया ने बढ़ाया हौसला
जहानाबाद : काको प्रखंड की पिंजौरा पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में सोमवार को स्वच्छता कर्मियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंचायत के प्रभारी मुखिया सुनील कुमार ने स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों को मेडल एवं स्वच्छता किट देकर सम्मानित किया।
प्रभारी मुखिया ने कहा कि पंचायत को स्वच्छ और सुंदर बनाने में स्वच्छता कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कर्मी नियमित रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए गांवों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में योगदान दे रहे हैं। उनके उत्कृष्ट कार्य को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह सम्मान दिया गया है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ पंचायत के निर्माण के लिए जनप्रतिनिधियों, स्वच्छता कर्मियों और ग्रामीणों का सामूहिक सहयोग जरूरी है। कर्मियों के सम्मान से उनका मनोबल बढ़ेगा और वे आगे भी पूरी लगन व समर्पण के साथ स्वच्छता कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में सम्मानित किए जाने पर स्वच्छता कर्मियों में खुशी देखी गई। पंचायत स्तर पर कर्मियों का उत्साह बढ़ाने की इस पहल की लोगों ने सराहना की।