पिथौरागढ़ :- चलती कार बनी आग का गोला, चालक-मालिक ने कूदकर बचाई जान
पिथौरागढ़: जौलजीबी-मुनस्यारी सड़क पर बंगापानी के पास बुधवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। सेरा सिरतोला निवासी राजेंद्र सिंह अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से चालक प्रेम सिंह के साथ बंगापानी की ओर जा रहे थे।
रतपतिया छेड़ के पास अचानक कार के डैशबोर्ड से धुआं निकलने लगा। चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया और दोनों के बाहर निकलते ही कार में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार धू-धूकर जलने लगी और करीब ढाई घंटे बाद पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
आग के कारण सड़क पर जाम भी लग गया। गनीमत रही कि चालक और वाहन मालिक समय रहते कार से बाहर निकल गए और दोनों सुरक्षित बच गए। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
Pithoragarh, Pithoragarh | Oct 7, 2026