6 राज रिफ ने जीता शहीद सैनिक बलवंत सिंह जिमिवाल स्मृति वॉलीबॉल टूर्नामेंट का खिताब
ओगला। शहीद सैनिक बलवंत सिंह जिमिवाल स्मृति वॉलीबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में 6 राज रिफ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जय मां भगवती क्लब ओगला को सीधे तीन सेटों में हराकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मुकाबला 6 राज रिफ और जय मां भगवती क्लब ओगला के बीच खेला गया। मुकाबले में 6 राज रिफ ने शुरुआत से ही शानदार खेल का प्रदर्शन किया और 25-12, 25-17 तथा 25-20 से जीत दर्ज करते हुए विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख डीडीहाट नरेंद्र धामी मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए शानदार प्रदर्शन के लिए दोनों टीमों को शुभकामनाएं दीं।
टूर्नामेंट में व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। बेस्ट डिफेंडर का खिताब 6 राज रिफ के गुरु को दिया गया, जबकि मैन ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब 6 राज रिफ के दशरथ ने अपने नाम किया। वहीं उदीयमान खिलाड़ी का पुरस्कार ओगला के महज 14 वर्षीय खिलाड़ी आशीष कुमार को दिया गया।
फाइनल मुकाबले का आंखों देखा हाल अजय अवस्थी और हर्षित मेहरा ने सुनाया। स्कोर बोर्ड पर कार्तिक और सोनू ने जिम्मेदारी संभाली, जबकि गौरव अवस्थी ने स्कोरर की भूमिका निभाई।
आयोजन समिति की ओर से टूर्नामेंट के आयोजन में लंबे समय से महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले आयोजन के सूत्रधार कैलाश अवस्थी को उनके 18 वर्षों के निरंतर सहयोग के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समिति द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह एवं अंग वस्त्र भेंट कर विशेष आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर मुख्य आयोजक अमित स्वीट्स & रेस्टोरेंट के रंजीत जिमिवाल ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले कुमाऊं स्काउट्स धारचूला, 8 मद्रास रेजिमेंट, SSB डीडीहाट, ITBP मेर्थी एवं नवयुवक मंगल दल ओगला के युवाओं, My Pithoragarh पेज के आनंद बोरा सहित सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं, खिलाड़ियों और आयोजन से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त किया।
18वें शहीद सैनिक बलवंत सिंह जिमिवाल स्मृति वॉलीबॉल टूर्नामेंट के सफल आयोजन के साथ ओगला के खेल मैदान में कई दिनों से चल रही खेल गतिविधियों का समापन हुआ। टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना और रोमांचक मुकाबलों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।