धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मना स्वतंत्रता दिवस समारोह
कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण तथा परेड की ली सलामी
--
अशोकनगर में आयोजित 80 वां स्वतंत्रता दिवस जिले में पूरे धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय पर जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन मोहरी राय खेल स्टेडियम नवीन कृषि उपज मंडी अशोकनगर में आयोजित किया गया। मुख्य समारोह राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के गायन के साथ प्रारंभ हुआ। तत्पश्चात कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण पश्चात राष्ट्रगान का गायन हुआ।
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के अवसर पर मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने पुलिस अधीक्षक श्री राजीव कुमार मिश्रा के साथ खुली जिप्सी में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया तथा सलामी ली। परेड की टुकडियों द्वारा राष्ट्रधुन के साथ हर्ष हायर किये गये। समारोह में परेड कमाण्डर श्री अविनाश कुमार एवं टू आई सी सूबेदार सुश्री आईना सहिबा के नेतृत्व में परेड की टुकड़ियों द्वारा भव्य एवं आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। परेड की 12 टुकड़ियां एक-एक करके मंच के सामने से कदमताल करते हुए निकलीं। मार्चपास्ट में एस.ए.एफ., जिला पुलिस बल पुरूष, जिला पुलिस बल महिला, होमगार्ड, नेहरू महाविद्यालय अशोकनगर का एनसीसी दल,एनसीसी स्कूल का सीनियर दल,शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का गाईड दल,राव माधव स्कूल का स्काउट दल,महिला एवं बाल विकास विभाग का शौर्य दल,वर्धमान हायर सेकेण्डरी स्कूल का स्काउट दल एवं शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय का गाईड दल,वन विभाग तथा पुलिस बैंड का दल ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री के संदेश का हुआ लाईव प्रसारण
--
समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के प्रदेश की जनता के नाम प्रसारित स्वतंत्रता दिवस संदेश का एलईडी के माध्यम से लाईव प्रसारण किया गया। जिसे उपस्थितजनों द्वारा देखा एवं सुना गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
मुख्य अतिथि द्वारा जिला स्तरीय संदेश का किया वाचन
--
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री साकेत मालवीय द्वारा स्वतंत्रता दिवस 2026 जिला स्तरीय संदेश का वाचन किया गया। साथ ही आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के साथ ही विकसित अशोकनगर जिले के संबंध में बधाई संदेश दिया। मुख्य अतिथि द्वारा परेड के सभी कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा रंग बिरंगे गुब्बारे खुले गगन में छोड़े गए।
लोकतंत्र सेनानी का किया सम्मान
जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री साकेत मालवीय द्वारा लोकतंत्र सेनानी श्री कमल सिंह रघुवंशी का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।
पी.टी.प्रदर्शन
-
मुख्य समारोह में 600 बच्चों ने अनुशासन एवं एकाग्रता को रेखांकित करते हुए सामूहिक पी.टी. के माध्यम से विभिन्न 16 मुद्राओं का प्रदर्शन किया।
देश भक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
मुख्य समारोह में देश भक्ति की भावना से ओतप्रोत स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। शासकीय सांदीपनि हायर सेकेण्डरी स्कूल के छात्र छात्राओं द्वारा ‘’अतुल्य पराक्रम शौर्य की गाथा’’ पर आधारित नृत्य, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अशोकनगर द्वारा ‘’गौरवशाली भारत की समृद्ध गाथा’’, ब्राईट मॉडल हायर सेकेण्डरी स्कूल के बच्चों द्वारा ‘’भारत के गौरव की कहानी’’,संस्कार आकादमी अशोकनगर के छात्र- छात्राओं द्वारा ‘’देश भक्ति गीत पर आधारित नृत्य नाटिका’’,संस्कृति हायर सेकेण्डरी स्कूल के बच्चों द्वारा ‘’अमर शहीदों की कुर्बानी’’,पर आधारित नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित
समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने पर जिले के विभिन्न विभागों, पुलिस विभाग, खिलाडि़यों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही अशोकनगर जिले की शान भारतीय सेना में कर्नल के पद पर पदस्थ श्री हर्षित शर्मा को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर हुए पुरूस्कृत
--
मुख्य अतिथि द्वारा परेड में भाग लेने वाली टुकड़ियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सीनियर ग्रुप में वर्दीधारी एस.ए.एफ. की टुकडी को प्रथम तथा जिला पुलिस बल को पुरूष को द्वितीय पुरूस्कार प्रदान किया गया। परेड में जूनियर ग्रुप में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के गाईड दल को प्रथम एवं राव माधव हायर स्कूल के स्काउट दल को द्वितीय पुरूस्कार प्रदान किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर ब्राईट मॉडल हायर सेकेण्डरी स्कूल के दल को प्रथम, शासकीय सांदीपनि हायर सेकेण्डरी स्कूल अशोकनगर के दल तथा संस्कृति हायर सेकेण्डरी स्कूल के दल को संयुक्त रूप से द्वितीय पुरूस्कार,शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के दल को तृतीय पुरूस्कार प्रदान किया गया। सांत्वना पुरूस्कार के रूप में संस्कार अकादमी अशोकनगर को प्रदान किया गया।
जिले की विकास पुस्तिका का वितरण
कार्यक्रम में स्वतंत्रता दिवस 2026 के उपलक्ष्य में अशोकनगर जिले की विकास गाथा पर आधारित जिले की विकास पुस्तिका का वितरण उपस्थित जनप्रतिनिधियों,गणमान्य नागारिकों एवं अधिकारियों किया गया।
इस अवसर पर मुंगावली विधायक श्री बृजेन्द्र सिंह यादव,अशोकनगर विधायक श्री हरीबाबू राय,नगरपालिका अध्यक्ष श्री नीरज मनोरिया,पूर्व विधायक विधायक श्री जजपाल सिंह जज्जी, जिला वनमण्डलाधिकारी श्रीमती प्रतिभा अहिरवार, श्री मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश जैन, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली बच्चे एवं पत्रकार उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता श्री महेन्द्र कुमार जैन तथा एपीसी श्री अभिषेक चौधरी ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम एवं राष्ट्रगान के गायन के साथ किया गया।
#IndependenceDay2026
#ashoknagar