सरकारी ड्यूटी पर निकले गिरिडीह के DTO और दो MVI के साथ मारपीट! बीच सड़क पर खड़ी बस की जांच करने पहुंचे अधिकारियों के साथ आखिर ऐसा क्या हुआ कि मामला थाने तक पहुंच गया?
गिरिडीह के जिला परिवहन पदाधिकारी यानी DTO संतोष कुमार और दो मोटर वाहन निरीक्षकों के साथ कथित मारपीट और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार देर शाम डुमरी के कुलगो टोल प्लाजा के पास की बताई जा रही है।
मामले में DTO संतोष कुमार, MVI शुभम सिंह और साकेत मरांडी ने बुधवार को डुमरी थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के मुताबिक, अधिकारी बगोदर से सरकारी काम निपटाकर लौट रहे थे। इसी दौरान कुलगो टोल प्लाजा के पास बीच सड़क पर बंगाल नंबर की एक यात्री बस खड़ी मिली। अधिकारियों ने जब बस खड़ी करने का कारण पूछा और परमिट की जांच शुरू की, तो विवाद हो गया।
DTO का आरोप है कि बस चालक वरुण कुमार और बस मालिक तंजीम नाग समेत कुछ स्थानीय लोगों ने उनके साथ दुर्व्यवहार, धक्का-मुक्की और मारपीट की। इस दौरान उनका चश्मा भी टूट गया। शिकायत में एक स्थानीय संगठन के नेता और दुकानदारों की भूमिका का भी आरोप लगाया गया है।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद बस चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। वहीं, डुमरी पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अब सवाल यह है कि सरकारी अधिकारियों के साथ ड्यूटी के दौरान हुई इस कथित मारपीट में कौन-कौन शामिल था? पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
आप देख रहे हैं न्यूज़लाइन गिरिडीह।
Dhanwar, Giridih | Oct 14, 2026