Public App Logo
रामगढ़ में पुराने गर्ल्स स्कूल की जगह बनेगी चारदीवारी, गंदगी से मिलेगी निजात रामगढ़। कस्बे के मुख्य बाजार स्थित पुराने गर्ल्स स्कूल की खंडहर बिल्डिंग की जगह अब नगर पालिका की ओर से चारदीवारी करवाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। बुधवार को मौके पर जेसीबी की मदद से बिल्डिंग के बचे हुए मलबे को हटाने का काम किया गया। वहीं, ठेकेदार की ओर से चारदीवारी निर्माण के लिए नपाई का कार्य भी शुरू कर दिया गया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी जगदीश खीचड़ ने बताया कि करीब एक साल पहले मुख्य बाजार में पुरानी गर्ल्स स्कूल की खंडहर बिल्डिंग खड़ी थी। बारिश के दौरान अचानक बिल्डिंग का छज्जा सड़क की तरफ गिर गया था। हादसे की आशंका को देखते हुए दुकानदारों ने नगर पालिका को शिकायत दी थी। इसके बाद पालिका ने जेसीबी की मदद से पूरी जर्जर बिल्डिंग को धराशायी कर दिया था। बिल्डिंग गिराए जाने के बाद मौके पर मलबा पड़ा हुआ था। आसपास सब्जी मंडी के दुकानदारों और अन्य लोगों की ओर से वहां कचरा डालने के कारण गंदगी फैल रही थी। इसके अलावा कुछ लोगों ने खुले में शौच करना भी शुरू कर दिया था। इससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। गंदगी की समस्या को देखते हुए नगर पालिका ने अब इस जगह की चारदीवारी करवाने का निर्णय लिया है। पालिका की योजना भविष्य में यहां छोटा पार्क विकसित करने की भी है। इसी के तहत पहले मलबा हटाकर चारदीवारी का कार्य शुरू कराया गया है। चारदीवारी बनने के बाद यहां कचरा डालने पर रोक लगेगी और आसपास के लोगों को गंदगी से राहत मिलने की उम्मीद है। नगर पालिका की इस पहल की स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने सराहना की है। - Alwar News