*राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने किया इंदौर जिले के ग्रामों का सघन भ्रमण*
---
*विभिन्न शासकीय योजनाओं का किया निरीक्षण, आजीविका गतिविधियों के विस्तार और महिलाओं की आय बढ़ाने के दिए निर्देश*
इंदौर, 09 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय निगम ने इंदौर जिले के सांवेर विकासखंड के ग्राम लसूडिया परमार एवं बूड़ी बरलाई का सघन भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की गतिविधियों का निरीक्षण कर उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान ग्राम लसूडिया परमार में नल-जल योजना, पंचायत टैक्स कलेक्शन तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा की गई। श्री निगम ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी लखपति दीदियों से संवाद कर उनकी आजीविका गतिविधियों, आर्थिक स्थिति तथा स्वरोजगार के माध्यम से हो रही आय की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्राम में संचालित सिलाई केंद्र का निरीक्षण कर वहां की गतिविधियों की समीक्षा की। साथ ही सिलाई केंद्र को अधिक वृहद स्वरूप प्रदान करने, सिलाई कार्य का विस्तार करने तथा ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार के अतिरिक्त अवसर सृजित करने की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने इस दिशा में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान वीबी-राम जी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं तथा हितग्राहियों से चर्चा कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की जानकारी ली गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
इसके पश्चात श्री निगम ने संभागीय ग्रामीण हाट बाजार का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित गतिविधियों, उपलब्ध सुविधाओं तथा आजीविका मार्ट की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने लखपति दीदियों से संवाद कर उनके द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों, उत्पादों के विपणन तथा आय बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने संभागीय हाट बाजार को अधिक उपयोगी एवं प्रभावी बनाने तथा अधिक से अधिक स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण शिल्पकारों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध हो सके और समूहों की आय में वृद्धि हो।
भ्रमण के अंत में श्री निगम ने आजीविका मिशन के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों-कर्मचारियों की बैठक लेकर योजनाओं की प्रगति और निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को उनकी रुचि एवं स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप आजीविका संवर्धन गतिविधियों से जोड़ा जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति समय-सीमा में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने महिलाओं की आय में वृद्धि के लिए स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक गतिविधियों का विस्तार करने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाने के उद्देश्य से विशेष कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन करने पर जोर दिया।
श्री निगम ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने तथा स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों को मजबूत करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आजीविका संवर्धन से संबंधित गतिविधियों की नियमित समीक्षा करते हुए उनके परिणामों का आकलन किया जाए, जिससे ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि और महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता के लक्ष्यों को प्रभावी रूप से हासिल किया जा सके।
#JansamparkMP #indore #इंदौर #मुख्यमंत्रीजनविश्वासअभियान #आजीविकामिशन
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
JDjansampark Indore
2 views | Indore, Madhya Pradesh | Oct 9, 2026