प्रेस विज्ञप्ति
30 सितंबर 2026
शीर्षक: जमुई जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026: तीसरे दिन भी खिलाड़ियों में दिखा जबरदस्त उत्साह, एथलेटिक्स और मैदानी खेलों के रोमांचक मुकाबले संपन्न।
जमुई:: बिहार सरकार के खेल विभाग तथा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय जमुई जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026 के तीसरे दिन, 30 सितम्बर को जिला के विभिन्न खेल मैदानों पर कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। 28 सितम्बर से 01 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में अंडर-14, 17 एवं 19 बालक तथा बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने अद्भुत खेल भावना और उत्साह का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन कबड्डी (बालिका), ताईक्वांडो (बालक), खो-खो (बालक/बालिका) और क्रिकेट (अंडर-17 बालक) के मुकाबले विभिन्न खेल स्थलों पर आयोजित किए गए। कबड्डी अंडर-14 बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में +2 एस. एस. गर्ल्स हाई स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि +2 नमन विद्या मंदिर अलीगंज उपविजेता रही। खो-खो अंडर-14 बालक वर्ग में मणि दीप स्कूल ने बेहतरीन समन्वय का परिचय देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और ओ. पी. एस. जमुई उपविजेता बना।
एथलेटिक्स स्पर्धाओं के तहत अंडर-14 बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में माउंट हेब्रन जमुई के आदित्य कुमार ने प्रथम तथा +2 उच्च विद्यालय सोनखार के सुमित कुमार ने द्वितीय स्थान हासिल किया। 200 मीटर दौड़ में रामकृष्ण कृष्णपट्टी के मुकेश कुमार ने बाजी मारते हुए पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि माउंट हेब्रन के आदित्य कुमार दूसरे स्थान पर रहे। शॉट पुट स्पर्धा में अशोका पब्लिक स्कूल के सावन कुमार ने पहला तथा सिमुलतला आवासीय विद्यालय के सन्नी कुमार ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
अंडर-14 बालिका वर्ग की एथलेटिक्स स्पर्धाओं में +2 जे. एस. पी. एस. उच्च विद्यालय लघुआड़ का वर्चस्व रहा। 100 मीटर दौड़ में लघुआड़ की राजनंदिनी कुमारी ने पहला और एस. वी. जी. आर. एस. सिमुलतला की चांदनी कुमारी ने दूसरा स्थान हासिल किया। 400 मीटर दौड़ में लघुआड़ की खुशी कुमारी प्रथम तथा +2 एस. एस. गर्ल्स हाई स्कूल की अन्नु कुमारी द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं, 600 मीटर दौड़ में भी लघुआड़ की रेशमी कुमारी ने स्वर्णिम प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि उच्च विद्यालय जोगाझिंगोई की अंशु कुमारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
General Administration Department, Govt. of Bihar
Home Department, Govt. of Bihar
#CMSamrat
#samratchoudhary
Jamui, Bihar | Oct 1, 2026