Bihar flood news : नेपाल में बाढ़ के बाद गंडक नदी का जलस्तर बढ़ा, विभाग ने कहा- घबराएं नहीं, सतर्क रहें
वाल्मीकिनगर। नेपाल में आई बाढ़ के बाद गंडक नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है। जल संसाधन विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, बाढ़ का पानी रात करीब 8:30 बजे गंडक बराज, वाल्मीकिनगर पहुंचा। इसके बाद नदी के जलश्राव में लगभग 20 हजार क्यूसेक की वृद्धि दर्ज की गई है।
विभाग के अनुसार, रात करीब 11 बजे तक जलश्राव के पीक पर पहुंचने की संभावना है। इसके बाद जलस्तर में धीरे-धीरे कमी आने की उम्मीद है। अधिकतम जलश्राव करीब दो लाख क्यूसेक रहने का अनुमान है।
विभाग ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को इस वर्ष अब तक का अधिकतम जलश्राव 2.24 लाख क्यूसेक दर्ज किया गया था। वहीं, वर्ष 2024 में 28 सितंबर को गंडक नदी में 5.62 लाख क्यूसेक जलश्राव दर्ज हुआ था। इन आंकड़ों के आधार पर फिलहाल स्थिति सामान्य रहने की संभावना जताई गई है।
हालांकि, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए गंडक बराज, तटबंधों और कंट्रोल रूम में अधिकारियों एवं कर्मियों को अलर्ट रखा गया है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन की सूचना का पालन करने की अपील की गई है।
जल संसाधन विभाग ने लोगों से कहा है—घबराएं नहीं, सतर्क रहें।