रेवाड़ी पुलिस की मुहिम: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बिठवाना, में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को नशा मुक्त एवं स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का दिया संदेश
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के कुशल निर्देशन में रेवाड़ी पुलिस द्वारा युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से बचाने और पूरे जिले को पूर्णतः नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से रेवाड़ी पुलिस द्वारा लगातार विशेष जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में वीरवार को रेवाड़ी पुलिस द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बिठवाना, में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम के दौरान प्रबंधक थाना माडल टाउन निरीक्षक मनोज कुमार व उनकी टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बिठवाना का दौरा किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जागरूकता कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद आचार्य कर्मबीर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नैतिक मूल्यों और स्वस्थ जीवन शैली के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवा देश की रीढ़ हैं और एक सशक्त समाज के निर्माण के लिए उनका शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ होना अनिवार्य है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, अनुशासन अपनाने और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने का विस्तार से मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबंधक थाना माडल टाउन निरीक्षक मनोज कुमार ने विद्यार्थियों को नशे की दलदल से दूर रहने और समाज को जागरूक करने की शपथ दिलाई। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। इसके साथ ही उन्होंने बढते साइबर अपराधों से बचाव और यातायात नियमों के पालन को लेकर भी उपयोगी जानकारी दी गई।
रेवाड़ी पुलिस की अपील:
पुलिस प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों से अपील की गई कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे का कारोबार करता है या अवैध गतिविधियों में संलिप्त है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। रेवाड़ी पुलिस जिले को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Rewari, Rewari | Oct 9, 2026