चंबा के लिए 15 इलेक्ट्रिक और 10 डीजल बसों का ऐलान, सड़क सुरक्षा को मिलेंगे 5 करोड़
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर चंबा में कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि पंजाब पुनर्गठन कानून के तहत हिमाचल के 7.19 प्रतिशत हिस्से के हक की लड़ाई अब सुप्रीम कोर्ट में निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है। उन्होंने प्रदेश को उसका उचित हक मिलने का विश्वास जताया।
उन्होंने चंबा के लिए 15 नई इलेक्ट्रिक और 10 डीजल बसें देने की घोषणा की। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित किया जा रहा है। प्रदेश में परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए एचआरटीसी के बेड़े में 1,000 इलेक्ट्रिक बसें शामिल करने की योजना है।
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए चंबा को पायलट जिला बनाया गया है और सड़क सुरक्षा के लिए 5 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए जाएंगे। डेटा आधारित उपायों के माध्यम से हादसों और मौतों को न्यूनतम करने का प्रयास होगा।
अग्निहोत्री ने कहा कि चंबा-चुवाड़ी के बीच प्रस्तावित 14.816 किलोमीटर लंबी सुरंग करीब 4,594 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जाएगी। इससे दोनों क्षेत्रों के बीच दूरी लगभग 26 किलोमीटर कम होगी।
उन्होंने कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों को सुरक्षित रखने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि निगमों और बोर्डों के ओपीएस से वंचित कर्मचारियों को भी इसका लाभ देने की दिशा में सरकार महत्वपूर्ण कदम उठाएगी।