गयूण पंचायत के लोगों ने घेरा बीडीओ कार्यालय, 12 तक समाधान नहीं तो क्रमिक अनशन की चेतावनी
ग्राम सभा के प्रस्ताव के अनुसार नवगठित पंचायत का संचालन करने की अनुमति देने की उठाई मांग, बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
धर्मपुर (मंडी)। नवगठित गयूण पंचायत के संचालन को लेकर सोमवार को पंचायत के लोगों ने प्रधान नरैण सिंह की अध्यक्षता में बीडीओ कार्यालय धर्मपुर का घेराव किया। इस दौरान लोगों ने पंचायत के संचालन के लिए ग्राम सभा में पारित प्रस्ताव के अनुसार व्यवस्था करने की अनुमति देने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 12 अक्तूबर से पहले इस मामले का समाधान नहीं किया गया तो पंचायत के लोग क्रमिक अनशन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे।
लोगों का कहना था कि नवगठित पंचायत के कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए जिस स्थान की स्वीकृति दी गई है, वहां पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि ग्राम सभा में जिस स्थान पर पंचायत का संचालन करने का प्रस्ताव पारित किया गया है, वहां पंचायत कार्यालय चलाने की अनुमति दी जाए।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं नेता रजत ठाकुर ने कहा कि पंचायत के लोगों के साथ राजनीतिक द्वेष के चलते कथित तौर पर शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायत को चलाने के लिए जिस सामुदायिक भवन की स्वीकृति दी गई है, वहां पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं। उनके अनुसार वहां केवल एक कमरा उपलब्ध है तथा शौचालय की सुविधा भी नहीं है।
रजत ठाकुर ने कहा कि दूसरी ओर एक व्यक्ति ने अपने मकान के तीन कमरे, किचन और शौचालय की सुविधा पंचायत को मुफ्त उपलब्ध करवाने के लिए शपथपत्र (एफिडेविट) दिया है। ग्राम सभा में भी इस संबंध में प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। इसके बावजूद पंचायत को वहां से संचालित करने की अनुमति नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस भूमि पर सामुदायिक भवन बना हुआ है, उसको लेकर कोर्ट में मामला भी चल रहा है। ऐसे में पंचायत के संचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि पंचायत के लोगों की मांग जायज है और प्रशासन को ग्राम सभा के निर्णय का सम्मान करते हुए मामले का शीघ्र समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीडीओ धर्मपुर को ज्ञापन सौंपकर 12 अक्तूबर तक समस्या का समाधान करने की मांग की गई है। यदि निर्धारित समय तक समाधान नहीं हुआ तो पंचायत के लोग क्रमिक अनशन शुरू करेंगे।
पूर्व प्रधान ने किया दावों का खंडन
वहीं, पूर्व प्रधान संजय कुमार ने प्रदर्शनकारियों के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि जिस सामुदायिक भवन को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, वह दो कमरों का है और वहां शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन की भूमि को लेकर किसी प्रकार का कोर्ट केस नहीं चल रहा है। उन्होंने प्रशासन से तथ्यों के आधार पर मामले का समाधान करने की मांग की।
क्या कहते हैं बीडीओ धर्मपुर सौरभ ठाकुर
इस संबंध में जब बीडीओ धर्मपुर सौरभ ठाकुर से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सरकार व उच्चाधिकारियों के आदेश है कि जहां भी सामुदायिक भवन, महिला मंडल भवन, युवक मंडल भवन व स्कूल का भवन खाली होगा उसमें ही पंचायत के बैठने की व्यवस्था करनी होगी यह एक वैकल्पिक व्यवस्था है और यहां बिजली पानी का प्रबंध भी जल्दी कर दिया जायेगा और शौचालय के लिए भी वहां एक व्यक्ति ने शपथ पत्र दिया है जब तक पंचायत का अपना भवन नहीं बनता है तब तक उनके शौचालय को यूज कर सकते है।
#devbhoomilivehp #everyonehighlightsfollowers #nonfollowersviewersfollowers #highlight2026 #reelschallenge