*राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर 12 लाख से अधिक बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल की गोली*
---
*सांसद श्री शंकर लालवानी ने सांदीपनी मालव कन्या विद्यालय, महू नाका में बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर किया अभियान का शुभारंभ*
इंदौर, 06 अक्टूबर 2026।
भारत सरकार के निर्देशानुसार संपूर्ण मध्यप्रदेश के साथ इंदौर जिले में भी मंगलवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया गया। जिले में अभियान का शुभारंभ सांसद श्री शंकर लालवानी ने सांदीपनी मालव कन्या विद्यालय, महू नाका में बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर किया। इंदौर जिले में 01 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 12 लाख 31 हजार 546 बच्चों को कृमिनाशक गोली खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर सांसद श्री शंकर लालवानी ने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस जैसे महत्वपूर्ण अभियान का हिस्सा बनकर उन्हें प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने बच्चों से कहा कि स्वस्थ रहने के लिए अच्छी आदतों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना जरूरी है। भोजन से पहले और बाद में हाथ धोना, खुले में नंगे पैर नहीं घूमना, स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन ग्रहण करना तथा नियमित रूप से अपने स्वास्थ्य की देखभाल करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि एल्बेंडाजोल की गोली शरीर में विभिन्न माध्यमों से पहुंचने वाले कृमियों से मुक्ति दिलाने में सहायक है। उन्होंने बच्चों से अपने परिवार की 20 से 50 वर्ष आयु की ऐसी महिलाओं, जो गर्भवती एवं धात्री नहीं हैं, को भी कृमिनाशक गोली के सेवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने कहा कि वे अपने साथियों एवं परिवार के सदस्यों को भी राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के प्रति जागरूक करेंगे और स्वस्थ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने कहा कि स्वस्थ बचपन की बुनियाद पर ही भविष्य की मजबूत इमारत तैयार होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि एल्बेंडाजोल की एक गोली उनके स्वास्थ्य को विभिन्न प्रकार के कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बच्चों से स्वयं गोली लेने के साथ अपने साथियों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत जिले में 01 से 19 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को कृमिनाशक गोलियां खिलाई जा रही हैं। इनमें शासकीय एवं अशासकीय अनुदान प्राप्त विद्यालयों, आदिवासी आश्रम शालाओं, निजी एवं अनुदान प्राप्त निजी विद्यालयों, मदरसों, केन्द्रीय विद्यालयों, नवोदय विद्यालयों तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों में आने वाले बच्चों के साथ-साथ शालात्यागी बच्चे भी शामिल हैं। अभियान के निरंतर संचालन से बच्चों में कृमि संक्रमण की दर में कमी दर्ज की गई है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को कृमि के प्रकार, शरीर पर उनके प्रभाव तथा कृमि संक्रमण से बचाव के उपायों के संबंध में लघु प्रजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी गई। जो बच्चे 06 अक्टूबर को कृमिनाशक गोली का सेवन नहीं कर पाएंगे, उन्हें 09 अक्टूबर 2026 को आयोजित मॉप-अप राउंड में गोली खिलाई जाएगी।
इस वर्ष 20 से 49 वर्ष की प्रजनन आयु की ऐसी महिलाओं, जो गर्भवती एवं धात्री नहीं हैं, को भी 400 मिलीग्राम की एल्बेंडाजोल गोली प्रदान की जा रही है। 06 अक्टूबर को गोली का सेवन नहीं कर पाने वाली महिलाओं को भी 09 अक्टूबर 2026 के मॉप-अप राउंड में गोली दी जाएगी। कार्यक्रम में 550 बच्चों तथा निर्धारित आयु वर्ग की शिक्षिकाओं को भी एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गई।
कार्यक्रम में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. तरुण गुप्ता, जिला विस्तार एवं माध्यम अधिकारी डॉ. मनीषा पंडित, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. शिवराज सिंह चौहान, सहायक कार्यक्रम प्रबंधक श्री विनय पांडे तथा प्राचार्य सांदीपनी विद्यालय श्री आर. के. कोरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #indore #इंदौर #राष्ट्रीयकृमिमुक्तिदिवस
CM Madhya Pradesh
Shankar Lalwani
2 views | Indore, Madhya Pradesh | Oct 6, 2026