अमित शाह के दौरे को लेकर अलवर में हाई अलर्ट, हेलीपैड और सभा स्थल पुलिस के कब्जे में
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के 16 अगस्त को प्रस्तावित अलवर दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। स्वतंत्रता दिवस और गृहमंत्री के दौरे को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हेलीपैड से लेकर सभा स्थल तक पुलिस ने सुरक्षा का पूरा घेरा तैयार किया है।
अलवर शहर के डीएसपी अंगद शर्मा ने बताया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के चलते पुलिस पहले से ही सतर्क है। होटल, रेस्टोरेंट सहित संदिग्ध स्थानों की लगातार गहनता से जांच की जा रही है। वहीं 16 अगस्त को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की सभा को देखते हुए शहर में विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
बाहर से आने वाले वाहनों की भी हो रही जांच
शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों पर नाके लगाए गए हैं। बाहर से अलवर की ओर आने वाले वाहनों और लोगों की जांच की जा रही है। पुलिस की टीमें संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।
अमित शाह की सभा के लिए निर्धारित विजय नगर मैदान को पुलिस ने सुरक्षा घेरे में ले लिया है। सभा स्थल के आसपास मौजूद ऊंची इमारतों के साथ-साथ आसपास के मकानों की भी जांच की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की आपत्तिजनक वस्तु या संदिग्ध गतिविधि सामने न आए।
गुरुवार को सभी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड की मदद से मंच सहित सभा स्थल के विभिन्न हिस्सों की स्कैनिंग कराई गई। पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
शिवाजी पार्क थाना प्रभारी प्रेमलता ने बताया कि सुरक्षा के लिए चार अलग-अलग स्तर की गार्ड तैनात की गई हैं। हेलीपैड की सुरक्षा के लिए अलग गार्ड, सभा स्थल के लिए अलग गार्ड व्यवस्था की गई है। इसके अलावा
सभा स्थल, मंच और आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों की लगातार स्क्रीनिंग की जा रही है। पुलिस का फोकस इस बात पर है कि गृहमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक न हो।
अमित शाह के दौरे को लेकर अलवर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी ताकत झोंक दी है। शहर के प्रवेश मार्गों से लेकर कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड तक पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।