स्वतंत्रता दिवस पर बलरामपुर में हाई अलर्ट, ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
बलरामपुर। स्वतंत्रता दिवस के 80वें वर्ष के अवसर पर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, धर्मशाला और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और साइबर सर्विलांस के माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जाएगी। नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है।
डॉग स्क्वाड, बम निरोधक दस्ता, पीआरवी और क्यूआरटी टीम को भी तैनात किया गया है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पुलिस ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 पर देने की अपील की है।