कोटा में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, नगर निगम में दस हजार की रिश्वत लेते संविदाकर्मी गिरफ्तार,
एक अन्य आरोपी फरार, पीएम आवास योजना की किश्त के लिए मांगी थी रिश्वत
कोटा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी एसीबी ने नगर निगम में ट्रैप कार्रवाई करते हुए एक संविदाकर्मी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। वहीं, कार्रवाई की भनक लगते ही दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। एसीबी के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दी थी कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए मिली 50 हजार रुपये की पहली किश्त में से नगर निगम के संविदाकर्मियों अखिलेश मीणा और नरेश वर्मा द्वारा रिश्वत मांगी जा रही है। रिश्वत नहीं देने पर आगामी किश्तें स्वीकृत नहीं करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया। शिकायत के सत्यापन में अखिलेश मीणा द्वारा 10 हजार रुपये और नरेश वर्मा द्वारा 5 हजार रुपये रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद सोमवार को एसीबी की टीम ने नगर निगम कोटा के बाहर ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान अखिलेश मीणा को परिवादी से 10 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि नरेश वर्मा मौके से फरार हो गया। एसीबी टीम फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
Sangod, Kota | Oct 5, 2026