अध्यापकों की कमी और आपसी विवाद से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित, समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
छप्पर, 18 अगस्त (राष्ट्रीय कदम न्यूज):
बसपा के पूर्व प्रत्याशी बृजपाल छप्पर ने ग्रामीणों के साथ गांव भम्बोल के सरकारी स्कूलों का दौरा कर शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। इस दौरान उनके साथ लालाराम रिंकू माजरा, रविंद्र माजरा, नीरज शर्मा, सलीम खान सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि गांव के प्राइमरी स्कूल में लगभग 100 बच्चों पर केवल एक ही अध्यापक तैनात है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं पीएम श्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 500 से 600 विद्यार्थियों की संख्या होने के बावजूद स्टाफ की कमी बनी हुई है।
बृजपाल छप्पर ने आरोप लगाया कि स्कूल के प्रिंसिपल और अध्यापकों के बीच पिछले लगभग एक वर्ष से चल रहे आपसी विवाद का सीधा असर विद्यार्थियों की शिक्षा पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्कूल में सफाई, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी स्थिति बेहद खराब है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीटीएम पीयूष गुप्ता मौके पर पहुंचे और स्कूल का निरीक्षण किया। इसके बाद बृजपाल छप्पर ने ग्रामीणों के साथ मिलकर सीटीएम पीयूष गुप्ता और बीईओ को ज्ञापन सौंपा तथा मांग की कि स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के साथ-साथ अन्य समस्याओं का भी जल्द समाधान किया जाए।
बृजपाल छप्पर ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।