#खुशियों_की_दास्तां
✅ प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से बदली किस्मत
✅ रोजगार की तलाश में टिमरनी आए मदन पंजाबी बने सफल उद्यमी, 12 युवाओं को दे रहे रोजगार
कभी रोजगार की तलाश में हरियाणा के सिरसा से टिमरनी आए गुरचरण लाल उर्फ मदन पंजाबी आज अपनी मेहनत, हुनर और नवाचार के दम पर सफल उद्यमी बन चुके हैं। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से मिली आर्थिक सहायता ने उनके सपने को नई उड़ान दी। आज वे न केवल स्वयं आत्मनिर्भर हैं, बल्कि अपने प्रतिष्ठान के माध्यम से 12 युवाओं को रोजगार भी उपलब्ध करा रहे हैं। बैंक से लिया 25 लाख रुपये का ऋण भी पूरा चुका चुके हैं। दसवीं कक्षा तक पढ़े मदन पंजाबी ने वर्ष 1995 से 2016 तक कृष्णा इंजीनियरिंग वर्क्स में काम किया। सीमित वेतन में परिवार का भरण-पोषण करते हुए उनके मन में स्वयं का व्यवसाय शुरू करने की इच्छा बनी रही। अपना काम शुरू करने के उद्देश्य से उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा के तत्कालीन प्रबंधक से बैंक ऋण के संबंध में चर्चा की, लेकिन शुरुआत में उन्हें निराशा हाथ लगी। हालांकि, मदन ने हिम्मत नहीं छोड़ी और अपने हुनर पर भरोसा बनाए रखा।
✅ एक हजार रुपये में ठीक की कार, बदली जिंदगी की दिशा
एक दिन बैंक प्रबंधक की कार खराब हो गई। मैकेनिक ने कार की मरम्मत के लिए करीब 40 हजार रुपये का खर्च बताया। उसी दौरान मदन पंजाबी वहां पहुंचे। उन्होंने कार की खराबी देखी और उसे ठीक करने की जिम्मेदारी ली। अपने तकनीकी हुनर से उन्होंने कार को महज एक हजार रुपये में ठीक कर दिया। मदन के काम से प्रभावित बैंक प्रबंधक को उनकी तकनीकी क्षमता और लगन पर भरोसा हुआ। इसके बाद प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत मदन पंजाबी की पत्नी के नाम 25 लाख रुपये का ऋण 35 प्रतिशत सब्सिडी के साथ स्वीकृत हुआ। इस राशि से उन्होंने वेल्डिंग, कटिंग, प्रेस सहित आवश्यक मशीनें खरीदीं और श्रीकृष्ण इंजीनियरिंग वर्क्स की शुरुआत की।
✅ किसानों की जरूरत को समझकर बनाया लैंड लेवलर
मदन पंजाबी का उद्देश्य केवल व्यवसाय करना नहीं था, बल्कि किसानों की समस्याओं का समाधान करने वाले कृषि उपकरण तैयार करना भी था। इसी सोच के साथ उन्होंने लैंड लेवलर मशीन तैयार की।
यह मशीन खेतों को समतल करने के साथ फसल कटाई के बाद खेत में बची नरवाई को चूर-चूर करने में उपयोगी है। इससे किसानों को नरवाई जलाने की आवश्यकता कम होती है और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है। मदन ने मशीन का खेत में वर्किंग डेमो तैयार कर उसका वीडियो प्रसारित किया। वीडियो देखकर धार जिले के किसानों ने उनसे संपर्क किया। शुरुआत में तीन मशीनों की बुकिंग हुई। इसके बाद 50 मशीनों का ऑर्डर मिला और धीरे-धीरे करीब 12 जिलों से मशीनों के ऑर्डर मिलने लगे।
वर्ष 2016 से अब तक करीब 30 हजार लैंड लेवलर मशीनों की बिक्री हो चुकी है। लगभग 50 हजार रुपये कीमत वाली इस मशीन को किसानों ने पसंद किया। मदन पंजाबी ने अपनी इस मशीन का पेटेंट भी कराया है। किसानों की जरूरत और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए इस कृषि उपकरण ने श्रीकृष्ण इंजीनियरिंग वर्क्स को एक अलग पहचान दिलाई है।
✅ खुद बने रोजगारदाता, युवाओं को दिया हुनर
व्यवसाय बढ़ने के साथ मदन पंजाबी ने स्थानीय युवाओं को अपने साथ जोड़ना शुरू किया। उन्हें मशीन निर्माण और तकनीकी कार्यों का प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराया। आज उनके प्रतिष्ठान में करीब 12 युवा नियमित रूप से रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। मदन पंजाबी कहते हैं कि सरकारी योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उन्हें अपने सपने को साकार करने का अवसर दिया। उन्होंने इस अवसर का उपयोग मेहनत और नवाचार के साथ किया, जिसका परिणाम आज उनके सफल व्यवसाय के रूप में सामने है। मदन पंजाबी की सफलता यह बताती है कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर मेहनती और हुनरमंद युवा स्वयं का रोजगार स्थापित करने के साथ-साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम उनके जीवन में आर्थिक बदलाव का माध्यम बना और उनके हुनर को व्यवसाय में बदलने का अवसर प्रदान किया।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of MSME, Madhya Pradesh
#खुशियों_की_दास्तां
#सेवा_संकल्प_अभियान
#PMEGP #AtmanirbharBharat #FarmerFriendly #Innovation #Entrepreneur
#Harda #हरदा
Harda, Madhya Pradesh | Oct 6, 2026