अजमेर में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 48 ब्रांड की शराब बरामद
कंटेनर में चल रही थी अवैध शराब की ब्रांच, 52 पेटी अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त; एक आरोपी गिरफ्तार
अजमेर। जिला स्पेशल टीम अजमेर और मांगलियावास थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटाज गांव में एक कंटेनरनुमा दुकान से भारी मात्रा में अवैध शराब और बीयर बरामद की है। पुलिस ने मौके से 48 प्रकार के ब्रांड की करीब 52 पेटी अंग्रेजी शराब, देशी शराब और बीयर जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अजमेर के निर्देश पर जिला स्पेशल टीम और मांगलियावास थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि कोटाज गांव में एक कंटेनर में अवैध रूप से शराब की ब्रांच संचालित की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान कंटेनरनुमा दुकान में शराब की बिक्री की जा रही थी। पुलिस ने दुकान संचालक से शराब बेचने का लाइसेंस और परमिट मांगा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने तलाशी लेकर विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी और देशी शराब के साथ बीयर बरामद की।
पुलिस के अनुसार जब्त शराब में रॉयल चैलेंज, ब्लेंडर्स प्राइड, रॉयल स्टैग, मैकडॉवेल्स, ग्रीन लेबल सहित कई ब्रांड की शराब शामिल है। इसके अलावा बीयर के भी अलग-अलग ब्रांड बरामद किए गए। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में मांगलियावास थाने में राजस्थान आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अवैध शराब की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में जांच कर रही है।
Ajmer Police Rajasthan
Ajmer, Ajmer | Oct 13, 2026