मऊ पुलिस लाइन में मंगलवार परेड, एएसपी ने किया निरीक्षण और दिए जरूरी दिशा-निर्देश
मऊ में मंगलवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने परेड की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रखने के लिए परेड के दौरान दौड़ भी लगवाई गई। इसके बाद एएसपी ने यूपी-112 और विभिन्न थानों से आए पुलिस वाहनों की गहनता से जांच की। पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों से वाहनों में मौजूद दंगा नियंत्रण और सुरक्षा उपकरणों की जानकारी ली गई और उपकरणों की जांच की गई। इसके अलावा क्वार्टर गार्द, स्टोर, परिवहन शाखा, मेस, पुलिस बैरक और पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण किया गया। एएसपी ने परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक अरुण कुमार सिंह समेत पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।