मुरैना में यातायात पुलिस-RTO की सड़क सुरक्षा रैली, नियम तोड़े तो हादसे के साथ जिंदगी भी खतरे में
मुरैना। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को यातायात पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम पर सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य वाहन चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क हादसों को रोकने के लिए सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने का संदेश देना रहा।
रैली को बैरियर स्थित यातायात थाने से CSP कविन्द्र सिंह चौहान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यातायात थाना प्रभारी संतोष भदौरिया के नेतृत्व में रैली बैरियर चौराहा, कोर्ट तिराहा और पुराना बस स्टैंड चौराहा होते हुए शहीद पंडित रामप्रसाद बिस्मिल संग्रहालय पहुंची।
रैली के दौरान वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, दो से अधिक सवारी नहीं बैठाने और शराब के नशे में वाहन नहीं चलाने की अपील की गई। पुलिस और परिवहन विभाग ने लोगों को समझाया कि यातायात नियमों की अनदेखी केवल चालान तक सीमित नहीं रहती, बल्कि गंभीर सड़क हादसे का कारण बनकर जिंदगी को भी खतरे में डाल सकती है।
रैली में RTO विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, रिक्शा यूनियन के पदाधिकारी और आम नागरिक शामिल हुए। इस दौरान लोगों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
#morena #मुरैना #पुलिस