तिरंगा यात्रा और पौधारोपण से गूंजा राष्ट्रप्रेम व पर्यावरण संरक्षण का संदेश
नीमच, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में संचालित ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘नवांकुर सखी हरियाली यात्रा’ अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। नवांकुर संस्थाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सुरेश लोक शिक्षण समिति द्वारा ग्वालटोली स्थित मां सरस्वती विद्यापीठ स्कूल में विद्यार्थियों की तिरंगा रैली निकाली गई। बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ नागरिकों को हर घर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश दिया। रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर भरवड़िया रोड से होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में संपन्न हुई।
इसी क्रम में ग्राम गिरडोरा में ‘नवांकुर सखी हरियाली यात्रा’ के तहत महिलाओं ने अंबे माता मंदिर से महादेव मंदिर तक कलश यात्रा निकाली। यात्रा के समापन पर मंदिर परिसर में पांच पौधों का पौधारोपण कर उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया।
वहीं, नवांकुर संस्था द फर्स्ट गोल सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा में सहभागिता कर ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ का संदेश दिया। इन आयोजनों के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#HarGharTiranga
#AzadiKaAmritMahotsav
#Neemuch
#नीमच
24 views | Neemuch, Madhya Pradesh | Aug 15, 2026