राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने कन्या महाविद्यालय सेक्टर -14 का किया निरीक्षण
छात्राओं से संवाद कर शिक्षा, सुरक्षा, हॉस्टल, स्वच्छता और सुविधाओं की ली जानकारी
छात्राओं को साइबर सुरक्षा, कानूनी सहायता और अधिकारों के प्रति किया जागरूक
बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मीना परमार
पंचकूला, 6 अक्टूबर : हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती मीना परमार ने आज राजकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय, सेक्टर-14 का निरीक्षण किया और छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय के हॉस्टल का भी निरीक्षण किया तथा छात्राओं से आवास व्यवस्था, खान-पान, सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से बातचीत की।
निरीक्षण के दौरान महिला आयोग की सदस्य श्रीमती अनुकंपा गर्ग, एडवोकेट पूजा, असिस्टेंट मंजू, कॉलेज प्रिंसिपल अतुल खुल्लर, प्रोफेसर श्रीमती सुशीला, प्रोफेसर श्रीमती शिवानी, हॉस्टल सुपरिंटेंडेंट सरला सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
महाविद्यालय के सभागार में छात्राओं को संबोधित करते हुए श्रीमती मीना परमार ने कहा कि हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा इस दिशा में अनेक ठोस कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि बेटियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए नए महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों की स्थापना की जा रही है। वहीं, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महिला थानों सहित विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने छात्राओं को उनके अधिकारों, साइबर सुरक्षा, कानूनी सहायता और आत्मनिर्भरता के प्रति भी जागरूक किया।
श्रीमती परमार ने कहा कि हरियाणा राज्य महिला आयोग महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों की रक्षा, उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। आयोग का प्रयास है कि प्रत्येक महिला और बेटी को सुरक्षित, भयमुक्त एवं सशक्त वातावरण मिले तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े मामलों के प्रभावी समाधान के लिए प्रशासन, पुलिस और शैक्षणिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय बेहद आवश्यक है।
उन्होंने छात्राओं से अपील की कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़े तो वे बिना किसी झिझक के हरियाणा राज्य महिला आयोग से संपर्क करें। उन्होंने छात्राओं को विश्वास दिलाया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के लिए आयोग हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
Panchkula, Panchkula | Oct 6, 2026