कालका में देर रात पंचकूला पुलिस की छापेमारी: सट्टा लगाते 10 आरोपी गिरफ्तार, 1.16 लाख कैश, 11 मोबाइल फोन व 9 गिट्टियां बरामद
पंचकूला/ 06 अक्टूबर:- पंचकूला में सट्टेबाजी जैसी अनैतिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी गई है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच-1 और क्राइम ब्रांच-2 की संयुक्त टीम ने कालका के कमेटी चौक क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक मकान में सट्टा लगाते हुए 10 आरोपियों को काबू किया है।
एसीपी क्राइम अमन कुमार के अनुसार, क्राइम ब्रांच-1 की टीम को 5 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली कि कालका के कमेटी चौक स्थित एक मकान में सट्टा लगाया जा रहा है मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच-2 की टीम को भी मौके पर बुलाकर संयुक्त रेड की योजना बनाई गई। इसके बाद दोनों क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने इन्चार्ज पीएसआई मनोज कुमार व पीएसआई प्रवीण कुमार की अगुवाई में कमेटी चौक कालका स्थित मकान पर छापेमारी की। पुलिस टीम ने मकान के एक कमरे में 10 व्यक्तियों को चादर पर गिट्टियां गिराकर सट्टा लगाते हुए काबू किया। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों के सामने सट्टे में लगाने के लिए नकदी रखी हुई थी। पूछताछ के दौरान आरोपियों की पहचान रणजीत कुमार, श्याम सुंदर, राजकुमार, शन्नी, बलदेव राज, अविनाश, तरुण कुमार, सचिन कुमार, पुष्कर राज और रमन कुमार के रूप में हुई।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार मौके पर आरोपियों से तलाशी के दौरान कुल 1,16,000 रुपये बरामद किए गए। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 11 मोबाइल फोन तथा सट्टे में इस्तेमाल की जा रही 9 गिट्टियां बरामद की गईं। बरामद नकदी, गिट्टियों और अन्य सामान को कब्जा में लिया गया है। इस संबंध में थाना कालका में हरियाणा सार्वजनिक जुआ निवारण अधिनियम, 2025 की धारा 4(1) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने सख्त लहजे में कहा कि पंचकूला जिले में जुआ, सट्टेबाजी और अन्य अनैतिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी गतिविधियों से जुड़े लोगों पर पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी और सूचना मिलने पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि उनके आसपास जुआ या सट्टेबाजी जैसी कोई गतिविधि संचालित हो रही है तो इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।