चित्रकूट के कलाकार चंदन सिंह ने डीएम, एसपी और विश्वविद्यालय के अधिकारियों को भेंट किया ‘माटी मा सोना हेराई गयो’ प्रदर्शनी का कैटलॉग
चित्रकूट। मंदाकिनी आर्ट स्टूडियो के संस्थापक एवं कलाकार चंदन सिंह ने अपनी पत्नी हिमांशी के साथ चित्रकूट के जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह तथा जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति शिशिर कुमार पांडेय एवं कुलसचिव मधुरेंद्र कुमार पर्वत से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी, लखनऊ में आयोजित होने वाली अपनी चार दिवसीय एकल कला प्रदर्शनी ‘माटी मा सोना हेराई गयो’ का कैटलॉग और ब्रोशर ससम्मान भेंट किया।
इस अवसर पर कलाकार चंदन सिंह ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को प्रदर्शनी के कैटलॉग, ब्रोशर के साथ अपने हाथों से कैनवास पर बनाई गई पेंटिंग भी उपहार स्वरूप भेंट की। वहीं, विश्वविद्यालय के कुलपति एवं कुलसचिव को भी प्रदर्शनी का कैटलॉग और ब्रोशर भेंट कर आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्राप्त कीं।
इसी क्रम में चंदन सिंह ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय के ललित कला विभाग की सहायक आचार्य डॉ. संध्या पाण्डेय को भी अपनी एकल कला प्रदर्शनी का कैटलॉग सादर भेंट किया। इस दौरान डॉ. संध्या पाण्डेय ने चंदन सिंह के कला-प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें अपना स्नेह, आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
मुलाकात के दौरान चित्रकूट के कला-वातावरण और यहां की कला-संबंधी गतिविधियों पर भी चर्चा हुई। डॉ. संध्या पाण्डेय के बहुमूल्य सुझाव एवं प्रोत्साहन को कलाकार चंदन सिंह ने अपने लिए प्रेरणादायी बताया।
प्रदर्शनी ‘माटी मा सोना हेराई गयो’ के माध्यम से चित्रकूट की माटी, संस्कृति और स्थानीय कला की पहचान को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है। इस पहल से चित्रकूट की कला एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
Karwi, Chitrakoot | Oct 1, 2026