🚨 अंबाह सिविल अस्पताल की नई बिल्डिंग पर सवाल!
₹17.31 करोड़ की लागत से बन रही 3 मंजिला इमारत में दूसरी मंजिल की छत में दरारें, पानी रिसने के निशान
अंबाह। सिविल अस्पताल अंबाह में करीब ₹17.31 करोड़ की लागत से बन रही 3 मंजिला नवीन इमारत अभी पूरी तरह बनकर तैयार भी नहीं हुई है, लेकिन निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, नवीन भवन की दूसरी मंजिल के एक कमरे की छत में दरारें दिखाई दी हैं। छत पर पानी के रिसाव के निशान भी नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं, इसी कमरे की छत से सीमेंट का हिस्सा गिरने की बात भी सामने आई है।
मौके पर स्थिति को लेकर यह सवाल भी उठ रहा है कि भवन के निर्माण के दौरान ही यदि छत में दरार और सीमेंट गिरने जैसी स्थिति सामने आ रही है, तो भविष्य में यहां आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मचारियों की सुरक्षा कितनी सुनिश्चित है?
मौके पर कथित तौर पर छत की खराबी को पुट्टी आदि के जरिए ढकने की तैयारी किए जाने की बात भी सामने आई है। ऐसे में निर्माण की गुणवत्ता और संबंधित एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
मौके पर कवरेज के दौरान दो निजी व्यक्तियों द्वारा स्वयं को साइड इंचार्ज, साइड इंजीनियर एवं संरक्षक आदि बताए जाने की बात भी सामने आई। शुरुआत में उन्होंने बिल्डिंग से बाहर निकलने के लिए कहा, जबकि कैमरा चालू होने के बाद सुरक्षा का हवाला देते हुए अंदर कवरेज को लेकर आपत्ति जताई।
अब बड़ा सवाल यह है कि—
🔴 ₹17.31 करोड़ की लागत से बन रहे भवन की निर्माण गुणवत्ता की जांच कौन करेगा?
🔴 निर्माण पूरा होने से पहले ही छत में दरार और सीमेंट गिरने की स्थिति कैसे बनी?
🔴 क्या जिम्मेदार विभाग द्वारा निर्माण कार्य का तकनीकी निरीक्षण किया गया है?
🔴 क्या पूरे भवन की गुणवत्ता और सुरक्षा की स्वतंत्र जांच कराई जाएगी?
मामले में जिम्मेदार अधिकारियों का पक्ष सामने आना भी जरूरी है। पोरसा लाइव इस मामले से जुड़ी आगे की जानकारी और संबंधित विभाग का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित करेगा।
आगे की जानकारी के लिए बने रहिए — पोरसा लाइव के साथ।
#अंबाह #मुरैना #अंबाहसिविलअस्पताल #सिविलअस्पताल #निर्माणकार्य
Gwalior Gird, Gwalior | Oct 6, 2026