महिलाओं का सम्मान, समाज और सरकार की प्राथमिकता - राज्यसभा सांसद
रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में महिला शक्ति का सम्मान
मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और साथिनों को डीबीटी से हस्तांतरित की उपहार राशि
@followers @top fans News 24 Udaipur
#nonflowers #viralpost #mahilasaman #udaipur #nonflowers
उदयपुर, 15 अगस्त। रक्षाबंधन के पावन उपलक्ष्य में महिला सम्मान को समर्पित कार्यक्रम शनिवार को आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण शनिवार को नगर निगम उदयपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने प्रदेशभर की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं साथिनों को रक्षाबंधन के उपहार स्वरूप 1100 रुपये तथा साड़ी के लिए 1000 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। इस अवसर पर उदयपुर जिले की 2394 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, 2394 सहायिका एवं 495 साथिन महिलाएं लाभान्वित हुईं। इसके अलावा प्रदेश भर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सीबीई एवं डेटा प्लान के लिए कुल 16.77 करोड़ रूपए की राशि भी हस्तांतरित की गई। वहीं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में 40 हजार 538 लाभार्थियों को 23.43 करोड़, मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना 20 हजार 670 लाभार्थियों को 6.36 करोड़ तथा लाडो प्रोत्साहन योजना में 50 हजार लाभार्थियों को 14.75 करोड़ रूपए की राशि का भी हस्तांतरण किया गया।
कार्यक्रम में राज्य स्तरीय समारोह के सीधे प्रसारण के माध्यम से मुख्यमंत्री के उद्बोधन एवं महिला सम्मान कार्यक्रम का जिले की लाभार्थी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक अवलोकन किया। जिला स्तरीय समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्री चुन्नीलाल गरासिया रहे। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री विरमाराम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक श्री नंदलाल मेघवाल तथा महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक श्री संजय जोशी ने अतिथियों का स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्री गरासिया ने कहा कि महिलाएं परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति की मजबूत आधारशिला हैं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं साथिनें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और महिलाओं एवं बच्चों के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का प्रतीक है। इस अवसर पर प्रदेश की महिला कर्मियों का सम्मान उनके योगदान के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। श्री गरासिया ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की जिम्मेदारी केवल पोषण और देखभाल तक सीमित नहीं है, बल्कि वे महिला एवं बाल कल्याण की योजनाओं की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचा रही हैं। उन्होंने सभी लाभार्थी महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए सरकार की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा रक्षाबंधन के अवसर पर दिए गए सम्मान एवं आर्थिक सहायता के लिए आभार व्यक्त किया।