निपटाए गए राजस्व मामलों को राजस्व प्रबंधन प्रणाली पोर्टल पर अद्यतन करना सुनिश्चित करें अधिकारी : उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल
लंबित राजस्व मामलों का अक्तूबर माह के अंत तक समाधान करने के दिए निर्देश
वर्ष 2026 में अब तक 2283 लंबित राजस्व मामलों का किया गया समाधान
चंबा, 03 अक्तूबर
उपायुक्त चंबा मुकेश रेपस्वाल ने जिला के सभी राजस्व अधिकारियों को लंबित राजस्व मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने तथा निपटाए गए मामलों को से राजस्व प्रबंधन प्रणाली (आरएमएस) पोर्टल पर अद्यतन(अपडेट) करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त आज लंबित राजस्व मामलों के निपटारे को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों से संबंधित सभी कार्यवाहियों को ऑनलाइन दर्ज करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि मामलों की प्रभावी निगरानी के साथ-साथ उनके समयबद्ध निस्तारण को भी सुनिश्चित किया जा सके।
उपायुक्त ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक जिला में कुल 2283 लंबित राजस्व मामलों का समाधान किया जा चुका है। इनमें तकसीम के 670 निशानदेही के 898 तथा राजस्व अभिलेखों से संबंधित 715 मामले शामिल हैं।
उन्होंने निर्देश दिए कि छह माह से एक वर्ष तक लंबित तकसीम एवं सीमांकन मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करते हुए अक्तूबर माह के अंत तक आवश्यक कार्रवाई पूर्ण की जाए।
उपायुक्त ने सभी जमाबंदियों को अक्तूबर माह के अंत तक अद्यतन करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुराने राजस्व दस्तावेजों की स्कैनिंग एवं डिजिटलीकरण का कार्य भी निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने को कहा ताकि राजस्व रिकॉर्ड को व्यवस्थित एवं आसानी से उपलब्ध बनाया जा सके।
बैठक में अतिक्रमण के लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों का नियमानुसार शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों के निस्तारण में पारदर्शिता, समयबद्धता तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की जाए।
इस दौरान लेखा परीक्षा टिप्पणियों, ई-डिस्ट्रिक्ट से संबंधित लंबित मामलों, लंबित राहत मामलों सहित राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी राजस्व अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला के सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
Chamba, Chamba | Oct 3, 2026