रोहतास में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा बाइक रैली
रोहतास जिले के बिक्रमगंज अनुमंडल क्षेत्र में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। जिला पदाधिकारी श्री दीपक कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री रौशन कुमार के नेतृत्व में निकली यह रैली बिक्रमगंज अनुमंडल कार्यालय से शुरू होकर नटवार थाना तक पहुंची।
रैली में युवाओं, स्थानीय लोगों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर बाइक सवार लोगों ने देशभक्ति का संदेश दिया। इस दौरान पूरा मार्ग ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंजता रहा।
अधिकारियों ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का अभियान है। रैली के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।