*भारत में जेन-जी को तरूण भारत कहना सर्वाधिक उपयुक्त - श्री तोमर*
---
*स्टेट प्रेस क्लब म.प्र. द्वारा आयोजित भारतीय पत्रकारिता महोत्सव में विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर शामिल हुए, श्रेष्ठ मीडियाकर्मियों का किया सम्मान*
---
*इंदौर पत्रकारिता के साथ साहित्य, कला, संगीत, संस्कृति आदि क्षेत्रों में भी समृद्ध*
इंदौर, 04 अक्टूबर 2026
भारत में जेन-जी को तरूण भारत कहना ज्यादा उपयुक्त है। यह वर्ग (जेन-जी) दुनिया की अर्थव्यवस्था में आज अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। दुनिया की बड़ी-बड़ी आईटी कम्पनियां अनुसंधान केन्द्र, प्रबंधन संस्थान आदि के सीईओ आज तरूण भारत (जेन-जी) है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की विदेश यात्राओं के दौरान विदेशों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में उपस्थित समुदायों में सर्वाधिक संख्या इसी वर्ग (जेन-जी) की होती है। प्रदेश में आज जो हजारों स्टार्टअप संचालित हो रहे हैं उनकी कमान भी इसी वर्ग के हाथों में हैं।
मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर रविवार को स्टेट प्रेस क्लब म.प्र. द्वारा जाल सभागृह इंदौर में आयोजित तीन दिवसीय भारतीय पत्रकारिता महोत्सव के समापन दिवस पर बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में विधायक श्री मनोज पटेल, शिक्षाविद श्री स्वप्निल कोठारी, वरिष्ठ पत्रकार श्री गौतम लाहड़ी, श्री प्रवीण खारीवाल, श्री मनोहर लिम्बोदिया, श्री सुदेश तिवारी, श्री नवनीत शुक्ला, श्री शिशिर सिन्हा विशेष रूप से उपस्थित थे।
श्री तोमर ने कहा कि स्टेट प्रेस क्लब म.प्र. द्वारा आयोजित भारतीय पत्रकारिता महोत्सव तरूण भारत पत्रकारों के सीखने के लिए सबसे बेहतर और उपयुक्त मंच है। इस आयोजन में देशभर से आये श्रेष्ठ मीडियाकर्मियों के अनुभव को सुनना सुखद है। अधिक से अधिक प्रिंट, इलेक्ट्रानिक एवं सोशल मीडिया में पत्रकारों को इसका भरपूर लाभ लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि तरूण भारत पर कोई भी विचार थोपा नहीं जाए, क्योंकि यह पीढ़ी बेहद जागरूक और ऊर्जावान है। इस पीढ़ी में देश को आगे ले जाने की अपार क्षमता है। अनुभवी लोग इस पीढ़ी का मार्गदर्शन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मीडियाकर्मियों का कार्य केवल समाचार लिखने तक सीमित नहीं है वरन्तु उसके समग्र आयामों पर चिंतन करना भी जरूरी है। हमारा मीडिया देश की समस्याओं के प्रति बेहद जागरूक है और अब यह कार्य तरूण भारत (जेन-जी) कर रहा है।
उन्होंने कहा कि इंदौर जैसे शहर में पत्रकारिता महोत्सव होना बताता है कि यहां मीडियाकर्मियों से जुड़ी संस्थाएं कितनी जागरूक है। इन्दौर को यूं ही प्रदेश का सिरमौर नहीं कहा जाता है। इंदौर एक ऐसा शहर है जो केवल पत्रकारिता में ही नहीं संगीत, कला, साहित्य, संस्कृति, स्वच्छता आदि क्षेत्रों में भी समृद्ध है। देश का सबसे स्वच्छ बनकर वह आज प्रेरणा दे रहा है। कार्यक्रम में श्री तोमर ने इंदौर के पत्रकारिता घराना पर लिखित पुस्तक का विमोचन किया। साथ ही फेडरेशन ऑफ क्लब के राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्यों को अवार्ड देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के पूर्व श्री तोमर ने अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पुरस्कृत छायाचित्रों एवं कार्टून की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रिंट, इलेक्ट्रानिक एवं सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकार उपस्थित थे।
----
#JansamparkMP #indore #इंदौर #भारतीयपत्रकारितामहोत्सव #GenZ
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Indore, Madhya Pradesh | Oct 4, 2026