*सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत वृद्धाश्रमों में सेवा, सम्मान एवं स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम आयोजित*
----
*वृद्धजनों को फल, वस्त्र एवं आवश्यक सामग्री वितरित कर किया सम्मान*
इंदौर, 04 अक्टूबर 2026
“सेवा संकल्प अभियान–2026” के अंतर्गत संचालित “सेवा मेरा योगदान” अभियान के तहत आज इंदौर जिले के विभिन्न वृद्धाश्रमों में वृद्धजनों के लिए सेवा, सम्मान, सांस्कृतिक एवं धार्मिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से वृद्धजनों के प्रति आत्मीयता, सम्मान एवं सेवा की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने वृद्धाश्रमों में पहुंचकर बुजुर्गों से आत्मीय संवाद किया तथा उन्हें फल, वस्त्र, शाल एवं श्रीफल सहित आवश्यक सामग्री वितरित की।
परदेशीपुरा स्थित आस्था वृद्धाश्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक श्री रमेश मेंदोला, डॉ. निशांत खरे एवं श्री सुमित मिश्रा ने वृद्धजनों से भेंट की। उन्होंने वृद्धजनों को फल एवं वस्त्र वितरित किए तथा उन्हें भोजन भी करवाया। इस दौरान वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनका हालचाल जाना गया।
इसी क्रम में पितृ पर्वत पार्किंग के पास स्थित निराश्रित सेवाश्रम में सांसद श्री शंकर लालवानी ने आश्रम में निवासरत लगभग 135 बुजुर्गों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही जरूरतमंद बुजुर्गों को व्हीलचेयर सहित अन्य आवश्यक उपकरण एवं सामग्री भी प्रदान की गई। सांसद श्री लालवानी ने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनकी कुशलक्षेम जानी। इसके पश्चात राजशांति आश्रम वृद्धाश्रम में भी सेवा एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां लगभग 50 बुजुर्गों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में श्री जयपाल चावड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा ग्राम नैनोद के सरपंच श्री सोलंकी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने वृद्धजनों से संवाद कर उन्हें सम्मान एवं अपनत्व का अनुभव कराया।
राऊ स्थित आशानीलय वृद्धाश्रम में विधायक श्री मधु वर्मा ने वृद्धजनों से मुलाकात कर उनसे संवाद किया। उन्होंने वृद्धजनों को फल एवं वस्त्र वितरित किए तथा उनके स्वास्थ्य एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।
बाणगंगा स्थित गणेश बुजुर्ग आश्रम में स्थानीय पार्षद द्वारा वृद्धजनों को फल एवं वस्त्र वितरित कर सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने वृद्धजनों से संवाद करते हुए उनके अनुभव एवं आवश्यकताओं की जानकारी भी ली।
“सेवा मेरा योगदान” अभियान के अंतर्गत जिले के सभी वृद्धाश्रमों में दिनभर वृद्धजनों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों में वृद्धजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रमों का प्रमुख उद्देश्य वृद्धजनों के प्रति समाज में सम्मान, आत्मीयता, संवेदनशीलता एवं सेवा की भावना को और मजबूत करना रहा।
अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के विभिन्न वृद्धाश्रमों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किए गए। स्वास्थ्य अमले ने वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारीगण भी सभी वृद्धाश्रमों में उपस्थित रहे और कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं का समन्वय किया।
----
#JansamparkMP #indore #इंदौर #SevaMeraYogdan #SevaSankalpAbhiyan
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
1 views | Indore, Madhya Pradesh | Oct 4, 2026