लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर अभ्यास करने वाले विद्यार्थी होते हैं सफल — जिला शिक्षा अधिकारी तेजसिंह राठौर
________________
जिला स्तरीय हैंडबॉल अंडर-14 बालक-बालिका प्रतियोगिता का शुभारंभ
________________
खरगोन 19 अगस्त 2026। आदित्य इंटरनेशनल स्कूल, कसरावद रोड खरगोन के खेल मैदान पर जिला स्तरीय हैंडबॉल अंडर-14 बालक एवं बालिका प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी श्री तेजसिंह राठौर के मुख्य आतिथ्य में हुआ। प्रतियोगिता में जिले के 12 विद्यालयों की 18 टीमों के लगभग 200 खिलाड़ियों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर खिलाड़ियों एवं खेल शिक्षकों को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी श्री तेजसिंह राठौर ने कहा कि जो विद्यार्थी अपना लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर अभ्यास करते हैं, वे निश्चित रूप से सफलता प्राप्त करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि जिला स्तर पर खेलने के बाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित कर प्रतिदिन नियमित अभ्यास करें। उन्होंने कहा कि खेलों से शारीरिक विकास के साथ मानसिक विकास भी होता है। खेल विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं तथा जीवन में संघर्ष और परिस्थितियों से समन्वय करना सिखाते हैं।
आदित्य इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर श्री अशोक दीक्षित ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी अपने विद्यालय के विद्यार्थियों के बीच से चयनित होकर यहां पहुंचे हैं। जिला, संभाग, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए निरंतर कड़ा अभ्यास आवश्यक है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
क्रीड़ा निरीक्षक श्री हबीब बेग मिर्जा ने प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। खेल समन्वयक श्री जितेंद्र हिरवे ने प्रतियोगिता का संचालन किया।
प्रतियोगिता के परिणामों की जानकारी देते हुए क्रीड़ा निरीक्षक श्री हबीब बेग मिर्जा ने बताया कि बालक वर्ग में आदित्य इंटरनेशनल स्कूल खरगोन ने महर्षि विद्या मंदिर को 5-2 से पराजित कर जीत दर्ज की। वहीं बालिका वर्ग में फ्यूचर फ्लाइंग स्कूल टेमा और बाफना स्कूल गोगांव के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। निर्धारित समय में दोनों टीमों द्वारा गोल नहीं किए जाने के बाद पेनल्टी स्ट्रोक के माध्यम से फ्यूचर फ्लाइंग स्कूल टेमा ने बाफना स्कूल गोगांव को 3-2 से पराजित किया। प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में खरगोन जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर आदित्य इंटरनेशनल स्कूल के प्राचार्य श्री गौरव गांगुली, खेल समन्वयक श्री जितेंद्र हिरवे, खेल शिक्षक श्री चेतन कुशवाहा, प्रवीण वाघ, अन्नपूर्णा सिकरवार, प्रियंजलि मंडलोई, मयंक पाटीदार, इमरान खान, अखिलेश मालवीय, राजेंद्र चौहान, ऋतिक बिल्लौर, हाशिम खान, हिमांशु चौहान, यश बवने सहित खेल शिक्षक, आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone