खबरी में युवाओं ने श्रमदान से बनाई पुलिया, दो साल से टूटी थी
दो साल से टूटी पुलिया, शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ सुधार; युवाओं ने श्रमदान कर बनाई
छतरपुर | निवारी। ग्राम पंचायत निवारी अंतर्गत खबरी गांव में मुख्य रास्ते की नाली पर बनी पुलिया करीब दो साल से टूटी पड़ी थी। कई बार शिकायत के बाद भी पंचायत स्तर पर सुधार नहीं कराया गया तो शनिवार को गांव के युवाओं ने आगे आकर श्रमदान किया और पुलिया का निर्माण कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, करीब दो साल पहले गांव में सीसी रोड और नाली का निर्माण कराया गया था। घटिया निर्माण के कारण नाली और सड़क के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। मुख्य मार्ग की पुलिया टूटने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। युवाओं ने बताया कि सरपंच दिलीप अनुरागी, सचिव रामनरेश शर्मा और जनपद सीईओ अजय सिंह से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
पंचायत के अन्य कामों पर भी उठाए सवाल
युवाओं ने पंचायत के अन्य निर्माण कार्यों पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि करीब तीन साल पहले लाखों रुपए की लागत से पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था, लेकिन कुछ समय बाद ही पानी की सप्लाई बंद हो गई। सागर-कानपुर हाईवे निर्माण के दौरान बोरवेल दब गया था। ग्रामीणों के मुताबिक इसकी करीब दो लाख रुपए की राशि पंचायत के खाते में है, इसके बावजूद बोरवेल को दोबारा चालू नहीं कराया गया।
ग्रामीणों ने पंचायत द्वारा लाखों रुपए की लागत से बनाए गए गौठान की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि गौठान में न तो पशु रहते हैं और न ही उनके लिए पानी और चारे की पर्याप्त व्यवस्था है। गांव की नालियां भी लंबे समय से चोक पड़ी हैं और नियमित सफाई नहीं होती।
युवाओं ने पंचायत के कामकाज में लापरवाही और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने के साथ जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत कार्यालय नियमित रूप से नहीं खुलने के कारण उन्हें छोटे-छोटे कामों के लिए सरपंच के घर के चक्कर लगाने पड़ते हैं। सरपंच द्वारा फोन नहीं उठाने और ग्रामीणों से मुलाकात नहीं करने का भी आरोप लगाया गया है।
ये युवा रहे शामिल
मोहन,अनुराग,रामअवतार,अरविंद,उमेश,पुष्पेंद्र, भारत, दिव्यांश पटेल, नीरज रैकवार निवारी शामिल रहे।
Chhatarpur Nagar, Chhatarpur | Oct 4, 2026