प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष की जनसेवा से राष्ट्रसेवा के अवसर पर ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ एवं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन
मा0 प्रधानमंत्री जी के 25 वर्ष विशेष, नए संकल्प का श्रीगणेश कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण
मंत्री श्री ए0के0 शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ, भारी जनसमूह ने निकाली कलश यात्रा
भारत के मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की जनसेवा से राष्ट्रसेवा की गौरवपूर्ण यात्रा के अवसर पर ‘25 साल जनसेवा से राष्ट्रसेवा, विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन आज गाजीपुर तिराहा, जनपद मऊ में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के जनसेवा के कार्यकाल को स्मरण करते हुए विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करना तथा राष्ट्र निर्माण के लिए नए संकल्प के साथ आगे बढ़ना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मा0 मंत्री नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार श्री ए0के0 शर्मा, मा0 विधायक मधुबन श्री राम विलास चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री रामाश्रय मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ‘मा0 प्रधानमंत्री जी के 25 वर्ष विशेष, नए संकल्प का श्रीगणेश’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। उपस्थित जनसमूह ने प्रधानमंत्री जी के संबोधन को उत्साहपूर्वक सुना। सजीव प्रसारण के दौरान कार्यक्रम स्थल पर देशभक्ति एवं राष्ट्रसेवा की भावना का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान मा0 मंत्री श्री ए0के0 शर्मा सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं जनसमूह ने राष्ट्रगान के प्रति सम्मान व्यक्त किया और राष्ट्रगान में सहभागिता की। इसके उपरांत मा0 मंत्री श्री ए0के0 शर्मा, मा0 विधायक मधुबन श्री राम विलास चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री रामाश्रय मौर्य सहित जनप्रतिनिधियों एवं भारी जनसमूह द्वारा सेवा ज्योति यात्रा एवं कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा गाजीपुर तिराहे से प्रारंभ होकर बाजार क्षेत्र से होते हुए पुनः गाजीपुर तिराहे पर पहुंची, जहां कलश यात्रा को विधिवत स्थापित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मा0 मंत्री श्री ए0के0 शर्मा ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के साथ अपने पुराने अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा कि जब श्री नरेन्द्र मोदी जी गुजरात के मुख्यमंत्री के पद पर आसीन थे, उस समय एक बड़े समारोह का आयोजन किया गया था। उस कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी के रूप में उनकी भी ड्यूटी लगाई गई थी। उन्होंने बताया कि उस समय तीन आईएएस अधिकारियों को कार्यक्रम की जिम्मेदारी सौंपी गई थी और सभी अधिकारियों ने पूरी लगन एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया था।
मा0 मंत्री ने कहा कि वह दौर आज भी उनकी स्मृतियों में है। श्री नरेन्द्र मोदी जी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए गुजरात को विकास की नई दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि गुजरात में आए भूकंप के समय की परिस्थितियां भी आज तक स्मरण हैं। कठिन परिस्थितियों में नेतृत्व, संवेदनशीलता और निर्णय लेने की क्षमता के साथ गुजरात को आगे बढ़ाने का कार्य किया गया।
उन्होंने कहा कि आज देश की बागडोर ऐसे महान नेतृत्व के हाथों में है, जिसने भारत को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाई है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत निरंतर विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। गुजरात के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज गुजरात देश के अग्रणी और विकसित राज्यों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।
मा0 मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में उद्योग, रोजगार, आधारभूत संरचना, तकनीक, ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा गरीब कल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि गुजरात में निर्मित उत्पादों की पहुंच देश की सीमाओं से बाहर भी हो रही है। गुजरात में निर्मित वाहनों एवं औद्योगिक उत्पादों का निर्यात जापान सहित दुनिया के विभिन्न देशों तक हो रहा है। यह भारत की बढ़ती औद्योगिक क्षमता और आत्मनिर्भरता का प्रमाण है।
मा0 मंत्री श्री ए0के0 शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा केवल एक व्यक्ति की राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्र के विकास और जनसेवा के प्रति समर्पण की प्रेरणादायी यात्रा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने अपने सार्वजनिक जीवन में निरंतर गरीब, किसान, युवा, महिला, श्रमिक और वंचित वर्ग के कल्याण को प्राथमिकता दी है।
उन्होंने उपस्थित जनसमूह एवं कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
मा0 मंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को 25 वर्ष की जनसेवा से राष्ट्रसेवा की यात्रा पूर्ण करने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी इसी प्रकार लंबे समय तक देश का नेतृत्व करते रहें, कार्यकर्ताओं एवं देशवासियों का मार्गदर्शन करते रहें तथा भारत को और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाने में नेतृत्व प्रदान करते रहें।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने तथा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे। गाजीपुर तिराहे से निकली सेवा ज्योति एवं कलश यात्रा के दौरान लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा क्षेत्र राष्ट्रसेवा, जनसेवा एवं विकसित भारत के संकल्प से ओत-प्रोत नजर आया।
Maunath Bhanjan, Mau | Oct 7, 2026