सोन पुल पर धू-धू कर जला बैटरी लदा ट्रक, चालक ने कूदकर बचाई जान
The silence media news
औरंगाबाद , बिहार.। एनएच-19 जीटी रोड पर सोन नदी पुल के पास गुरुवार अहले सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बैटरी लदे एक पिकअप वाहन में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते वाहन आग की लपटों से घिर गया। घटना के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, बैटरी लदा पिकअप पंजाब से गया की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन सोन नदी के पुल पर पहुंचा, उससे अचानक धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा वाहन धू-धू कर जलने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही बारुण थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर लगाई गईं। अग्निशमन कर्मियों ने करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक पिकअप वाहन और उसमें लदी बैटरियां पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी थीं।
सोन पुल पर लगी वाहनों की कतार
पुल पर वाहन में आग लगने के कारण एनएच-19 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया। आग की लपटों और धुएं के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और अग्निशमन विभाग की कार्रवाई पूरी होने के बाद जले हुए वाहन को हटाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन में तकनीकी खराबी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
#thesilencemedianews #औरंगाबाद #aurangabad #dehrionsone #barun