डॉ. मुकेश कुमार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मिला सर्वपल्ली राधाकृष्णन संस्थान एवं बालना, नालटीनाल गाँव का प्रतिनिधिमंडल
Bushahr Today TV
नोगली/रामपुर। सर्वपल्ली राधाकृष्णन बी.एड./एम.एड. एवं डिग्री कॉलेज, बालना (नोगली) के अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार के नेतृत्व में संस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर सर्वपल्ली संस्थान के शिक्षक एवं गैर शिक्षक वर्ग, बी.एड./ एम.एड. एवं बी० ए० प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की ओर से मुख्यमंत्री का फूलमाला पहनाकर गर्मजोशी एवं सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों तथा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों से अवगत करवाया। भेंट के दौरान क्षेत्र में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने, विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा संस्थान से जुड़े स्थानीय विकास के मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. मुकेश कुमार ने संस्थान के साथ लगते खस्ताहाल रास्ते की समस्या को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि मार्ग की खराब स्थिति के कारण विद्यार्थियों, प्रशिक्षुओं, शिक्षकों, कर्मचारियों तथा स्थानीय लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मार्ग की आवश्यक मरम्मत एवं सुधार करवाने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। इसी दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संस्थान के प्रशिक्षुओं से बातचीत करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में आने वाले नए अध्यापक पदों पर नियुक्तियों को लेकर आश्वस्त किया। मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षुओं से उनकी शिक्षा एवं प्रशिक्षण से संबंधित विषयों पर बातचीत की और उनकी बातों को भी सुना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संस्थान की प्राचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज से भी बातचीत की तथा बी.एड. एवं एम.एड. प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी ली। प्राचार्या ने संस्थान में संचालित पाठ्यक्रमों, प्रशिक्षुओं की शैक्षणिक गतिविधियों, प्रशिक्षण व्यवस्था से मुख्यमंत्री को अवगत करवाया। भारत गौरव, एवं शिक्षा व सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिये राज्यपाल द्वारा सम्मानित मानव कल्याण समिति के संस्थापक डॉ. मुकेश कुमार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सामाजिक सरोकारों की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी। उन्होंने बताया कि समिति की ओर से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों की फीस में छूट प्रदान की जाती है, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी विद्यार्थी की शिक्षा प्रभावित न हो। इसके साथ ही अनाथ बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण एवं शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में भी मुख्यमंत्री को अवगत करवाया गया। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य शिक्षा को जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुंचाना और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करना है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की शैक्षणिक आवश्यकताओं के साथ-साथ संस्थान से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं के मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना तथा शिक्षा एवं स्थानीय विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। डॉ. मुकेश कुमार के नेतृत्व में हुई इस शिष्टाचार भेंट में जहां संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों, प्रशिक्षुओं के भविष्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा हुई, वहीं संस्थान से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं और क्षेत्र की विकासात्मक आवश्यकताओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया। इस भेंट के दौरान बालना, नालटीनाल का महिला मंडल, उपप्रधान रोनित गौतम, चैन लाल, शेर सिंह, समर, धर्म दास, अनीता एवं सर्वपल्ली संस्थान की टीम से राजेंद्र सदरेट, डॉ. आशा भारद्वाज, रंजीत सिंह नेगी, ऐश्वर्या, मदन मोहन, अजय स्नेही, यशवंत, मोनिका, हेमलता, मीनाक्षी, दीपक, बीनाक्षी, पूजा, कौशल्या, दीक्षित एवं गोविंद उपस्थित रहे।
Rampur, Shimla | Oct 3, 2026